मिशन यूपी पर महामंथन! अमित शाह से मिले केशव प्रसाद मौर्य, 2027 की तैयारी पर चर्चा, बोले- फिर खिलेगा कमल

shah_1790315457476_5JgB_17903154

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। नई दिल्ली स्थित अमित शाह के आवास पर हुई इस बैठक में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, संगठन की तैयारियों और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद मौर्य ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनाने के संकल्प को लेकर विस्तृत रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।

घर-घर पहुंचाएंगे सरकार की योजनाओं की जानकारी

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रदेशभर में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। इस अभियान के जरिए केंद्र और राज्य की योजनाओं तथा उनसे आम लोगों और गरीब परिवारों को मिले लाभ की जानकारी घर-घर पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर भी लोगों के बीच पार्टी का संदेश पहुंचाने की बात कही। मौर्य के मुताबिक, चुनावी तैयारियों के साथ संगठन को भी सक्रिय करने पर जोर दिया जाएगा।

सरकार के कामकाज को लेकर मौर्य ने किया दावा

उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि पक्के आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए काम से गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में बदलाव आया है।

मौर्य ने कहा कि भारत आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

संगठनात्मक तैयारियों पर भी हुई चर्चा

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। मौर्य ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री ने अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का मार्गदर्शन और संगठनात्मक अनुभव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। मौर्य के मुताबिक, शाह के सुझावों से संगठन और सरकार को आगे की दिशा तय करने में मदद मिलती है।

 

एक नज़र