विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन, योगी, अखिलेश और मायावती ने जताया गहरा शोक
लखनऊ: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन से देश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। बुधवार को हुए विमान हादसे में उनके असामयिक निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने गहरा दुख व्यक्त किया है और शोकसंतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भावुक प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि बारामती में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और अन्य लोगों का निधन अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति और परिजनों को इस अथाह दुख को सहन करने की शक्ति मिले।
अखिलेश यादव ने बताया बेहद दुखद घटना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी विमान दुर्घटना पर शोक जताते हुए इसे बेहद दुखद करार दिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान हादसे में निधन अत्यंत पीड़ादायक है। अखिलेश यादव ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकसंतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मायावती ने अजित पवार को बताया दिग्गज नेता
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने अजित पवार को महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेताओं में से एक बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि बारामती में हुए विमान हादसे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु अत्यंत दुखद है। मायावती ने उनके परिवार और पार्टीजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से सभी को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
पुणे जिले में हुआ हादसा, चार अन्य की भी मौत
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार सुबह पुणे जिले में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित चार अन्य लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि 66 वर्षीय अजित पवार और अन्य यात्रियों को ले जा रहा विमान बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
