2027 में मायावती का ‘मिशन यूपी’, गढ़ में बसपा ने कसी कमर; बूथ स्तर से वोटबैंक मजबूत करने की तैयारी

mayawati-1788417455178_v

नोएडा: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी ने अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने प्रभाव वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और कैडर कैंप के जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में जुटने का मंत्र दिया है। लखनऊ में हुई बैठक से लौटे मेरठ मंडल के पदाधिकारियों ने अब रणनीति को जमीन पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी है।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की तैयारी

बसपा नेतृत्व की योजना के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ गौतमबुद्ध नगर के अलग-अलग सेक्टरों में कैडर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंप में 10 बूथों के प्रमुखों और युवा कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत, ईमानदारी और संगठन के प्रति निष्ठा के आधार पर जिम्मेदारी दी जाएगी।

गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष लखमी सिंह के मुताबिक, लखनऊ में मायावती की बैठक के बाद कैडर कैंप आयोजित करने की प्रक्रिया तेज होगी। पार्टी की कोशिश है कि त्योहारों के मौसम से पहले ही कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर संगठन और वोटबैंक को मजबूत करने में जुट जाएं।

हर वर्ग तक पहुंच बनाने पर जोर

बसपा की रणनीति में सभी वर्गों को संगठन और वोटबैंक से जोड़ने पर खास जोर है। इसके लिए बूथ प्रमुख, कैडर कैंप प्रभारी और सेक्टर स्तर के पदाधिकारियों के बीच युवा और अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

कैडर कैंप की बंद कमरे में होने वाली बैठकों के बाद 500 से अधिक पदाधिकारी और प्रभारी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। इस दौरान लोगों को बसपा की जनकल्याणकारी नीतियों के बारे में जानकारी देने की योजना है।

दलित-ब्राह्मण समेत सर्वसमाज तक पहुंचने की रणनीति

डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के जरिए बसपा कार्यकर्ता दलित और ब्राह्मण समेत सर्वसमाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेंगे। पार्टी की रणनीति लोगों के बीच भाईचारा बढ़ाने के साथ भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में हुए कार्यों को मुद्दा बनाने की है।

बसपा कार्यकर्ता अपने अभियान के दौरान पार्टी सरकार के समय हुए विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी जिक्र करेंगे। नेतृत्व की कोशिश है कि इन मुद्दों के जरिए पुराने समर्थक आधार को मजबूत किया जाए और नए मतदाताओं तक पार्टी की पहुंच बढ़ाई जाए।

पश्चिमी यूपी में बड़े नेताओं की सभाओं का भी बनेगा खाका

लखनऊ में होने वाली अखिल भारतीय पदाधिकारियों की बैठक में 2027 के चुनाव को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। शीर्ष नेतृत्व से निर्देश मिलने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बड़े नेताओं की सभाओं और बैठकों का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

लखनऊ की बैठक में जेवर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी सतवीर नागर, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष लखमी सिंह और नोएडा के मंडल जोन प्रभारी कृष्ण इंदौरिया भी शामिल हुए। बैठक से मिले निर्देशों के आधार पर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने की तैयारी है।

 

एक नज़र