मकर संक्रांति पर सेवा का संदेश: सक्षम वेलफेयर सोसाइटी ने 500 जरूरतमंदों को बांटे कंबल, कराया सामूहिक खिचड़ी भोज

WhatsApp Image 2026-01-16 at 10.06.39 AM (1)

सुलतानपुर। सेवा और समर्पण के भाव को आत्मसात करते हुए मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जनपद के लंभुआ क्षेत्र अंतर्गत दूल्हापुर ग्राम पंचायत में एक प्रेरणादायक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सक्षम वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कड़ाके की ठंड से जूझ रहे 500 से अधिक निर्धन, असहाय और निराश्रित लोगों को कंबल वितरित किए गए, वहीं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खिचड़ी भोज का भी आयोजन हुआ।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्था की अध्यक्षा अंकिता दुबे (पत्नी सुभाष चंद्र दुबे, आईपीएस) ने दीप प्रज्वलित कर सेवा आयोजन का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि निराश्रितों और जरूरतमंदों की सेवा करना ही संस्था का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ठंड के इस कठिन समय में समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए, क्योंकि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।

समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना ही लक्ष्य

प्रधान संघ के अध्यक्ष कैलाश चंद दुबे ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सक्षम वेलफेयर सोसाइटी पिछले 10 वर्षों से लगातार समाज सेवा के कार्यों में जुटी हुई है। संस्था केवल कंबल या वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सौर ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक कार्यों के माध्यम से भी जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान कर रही है। उनका कहना था कि संस्था का संकल्प समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है।

मकर संक्रांति पर आस्था, सेवा और सामाजिक सौहार्द का संगम

मकर संक्रांति के अवसर पर जहां एक ओर श्रद्धालुओं ने गोमती नदी के सीताकुंड और धोपाप घाट पर आस्था की डुबकी लगाई, वहीं दूसरी ओर दूल्हापुर गांव में सेवा और दान का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। कंबल वितरण के साथ आयोजित सामूहिक खिचड़ी भोज में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की, जो आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक बना।

क्षेत्र के गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

द्रोपदी देवी (पत्नी राजनाथ दुबे) की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस सेवा कार्यक्रम में प्रधान संघ अध्यक्ष कैलाश दुबे, विनीत सिंह, केदार दुबे, प्रसून मालवीय, प्रेमनाथ दुबे, मेहंदी हसन, अशोक पांडे, रमेश मौर्य, सतीश कसौधन, गोलू सिंह, सोनू सहित क्षेत्र के अनेक संभ्रांत नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे।

एक नज़र