Nepal Hawala Case: 2.41 अरब की अवैध ट्रांजैक्शन का भंडाफोड़, रक्सौल लिंक वाला आरोपी जेल भेजा गया
रक्सौल/वीरगंज। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसमें कथित तौर पर हुंडी नेटवर्क के जरिए अरबों रुपये का अवैध लेनदेन किया गया। वीरगंज स्थित पर्सा जिला अदालत ने संगठित अवैध वित्तीय गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में 32 वर्षीय प्रशांत कुमार गुप्ता को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी पर करीब 2.41 अरब रुपये के संदिग्ध लेनदेन में शामिल होने का आरोप है, जिसके तार भारत के सीमावर्ती शहर रक्सौल से जुड़े बताए जा रहे हैं।
कैसे चलता था अवैध हुंडी नेटवर्क
पुलिस के अनुसार आरोपी भारत से हुंडी माध्यम के जरिए अवैध रकम नेपाल लाता था और उसे विभिन्न वित्तीय तरीकों से वैध बनाने की कोशिश करता था। सुदीप राज पाठक (पुलिस अधीक्षक, पर्सा) ने बताया कि आरोपी बैंकिंग सिस्टम का इस्तेमाल कर रकम को अलग-अलग खातों में जमा करता और स्रोत छिपाने के लिए चेक तथा डिजिटल ट्रांजैक्शन प्लेटफॉर्म्स के जरिए अन्य व्यक्तियों के खातों में ट्रांसफर कर ‘लेयरिंग’ करता था।
जांच में सामने आई चौंकाने वाली रकम
प्राथमिक जांच में कुल 2,41,78,23,378 रुपये के अवैध वित्तीय लेनदेन का पता चला है। इनमें से 1,79,21,15,801 रुपये की विशेष दावा राशि सीधे आरोपी से जुड़ी बताई गई है। अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी रकम सीमा पार वित्तीय नेटवर्क की ओर संकेत करती है, जिसकी जांच आगे भी जारी रहेगी।
गिरफ्तारी के वक्त नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 33,59,255 रुपये नकद बरामद किए थे। विस्तृत जांच रिपोर्ट अदालत में पेश किए जाने के बाद पर्सा जिला अदालत ने 28 माघ के आदेश में उसे पुर्पक्ष (न्यायिक हिरासत अवधि) के लिए कारागार भेजने का निर्देश दिया।
सीमा पार नेटवर्क पर एजेंसियों की नजर
सुरक्षा एजेंसियां अब इस मामले को अंतरराष्ट्रीय अवैध वित्तीय चैनल से जोड़कर देख रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि अगर इस नेटवर्क की पूरी कड़ियां खुलती हैं, तो सीमा पार हवाला/हुंडी रैकेट के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।
