जनगणना 2027 का नोटिफिकेशन जारी: दो चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया, पहले फेज में मकान-परिवार से जुड़े 33 सवालों पर होगी गणना
नई दिल्ली। भारत में 2027 में होने वाली जनगणना को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। सरकार की ओर से यह नोटिफिकेशन 22 जनवरी 2025 को जारी किया गया है। इसके तहत जनगणना की पूरी प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी और पहले चरण में देशभर के घरों, भवनों और परिवारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। इस चरण में कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें मकान, परिवार की संरचना और उपलब्ध सुविधाओं से जुड़े प्रश्न शामिल हैं।
दो चरणों में पूरी होगी जनगणना प्रक्रिया
सरकारी नोटिफिकेशन के अनुसार, जनगणना का पहला चरण अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 के बीच पूरा किया जाएगा। इस दौरान घरों और भवनों से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। वहीं, दूसरा चरण फरवरी 2027 से शुरू होगा, जिसमें देश की वास्तविक जनसंख्या की गणना की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि परिवार से जुड़ी जानकारी परिवार के वरिष्ठ सदस्य से ही ली जाएगी।
पहले चरण में क्या-क्या होगी गणना
पहले चरण को मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के रूप में परिभाषित किया गया है। इसमें हर घर, भवन और संस्थान का विवरण दर्ज किया जाएगा। प्रश्नावली में यह जानकारी ली जाएगी कि मकान पक्का है या कच्चा, उसमें पानी, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। इसके साथ ही यह भी दर्ज किया जाएगा कि भवन आवासीय है या व्यावसायिक उपयोग में है। दूसरे चरण की जनगणना के लिए अलग से प्रश्नावली बाद में जारी की जाएगी।
पहले फेज को लेकर पहले ही जारी हो चुकी थी समय-सीमा
इस नोटिफिकेशन से पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 8 जनवरी 2026 को जानकारी दी थी कि जनगणना का पहला चरण 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच पूरा किया जाएगा। मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को यह कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए थे। साथ ही यह भी बताया गया था कि मकानों की सूची तैयार करने से करीब 15 दिन पहले लोगों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर दिया जाएगा।
कोरोना महामारी के कारण टली थी 2021 की जनगणना
केंद्र सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्ष 2021 में प्रस्तावित जनगणना को कोविड-19 महामारी के चलते स्थगित कर दिया गया था। अब 2027 की जनगणना के जरिए देश की अद्यतन जनसंख्या और आवास से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे।
पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना 2027
सरकार ने बताया है कि 2027 की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी। इस प्रक्रिया में करीब 30 लाख कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, जो मोबाइल एप के जरिए डेटा एकत्र करेंगे। मोबाइल एप और पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम डेटा ट्रांसफर किया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पेपरलेस होगी। यह एप्लिकेशन Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जाएगी।
