मकर संक्रांति पर यूपी में आस्था का महापर्व, गोरखपुर में CM योगी ने चढ़ाई खिचड़ी, प्रयागराज-काशी में संगम और गंगा घाटों पर उमड़ा जनसैलाब
लखनऊ। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश में आस्था, परंपरा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्म मुहूर्त में गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर महायोगी गुरु गोरखनाथ को विधि-विधान से आस्था की खिचड़ी चढ़ाई और लोकमंगल के साथ प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान सीएम योगी ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लाखों श्रद्धालु बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने और प्रयागराज में संगम स्नान के लिए पहुंचे हैं।
गोरखपुर में खिचड़ी अर्पण, मंदिर परिसर में भक्तों का सैलाब
मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज से आए भक्त खिचड़ी चढ़ाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा, जहां हर ओर जयकारों की गूंज सुनाई दी।
प्रयागराज में संगम स्नान, कोहरे के बीच भी नहीं थमी आस्था
माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति पर तीर्थराज प्रयाग में ब्रह्म मुहूर्त से ही संगम और अन्य घाटों पर महास्नान का सिलसिला शुरू हो गया। घने कोहरे और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु, कल्पवासी, साधु-संत और नागा सन्यासी संगम में आस्था की डुबकी लगाते नजर आए।
प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी संगम नोज पर मौजूद रहे। माइक के जरिए स्नानार्थियों से अपील की जा रही है कि वे स्नान के बाद घाट खाली करें। पुलिस, आरएएफ, घुड़सवार दल, नागरिक सुरक्षा संगठन और स्वयंसेवक लगातार भीड़ प्रबंधन में जुटे रहे।
काशी में गंगा स्नान, हर-हर महादेव के जयकारे
वाराणसी में भी मकर संक्रांति का विशेष उत्साह देखने को मिला। गंगा घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पवित्र स्नान कर दान-पुण्य किया और पूरे घाट क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। काशी में भक्ति और उत्सव का माहौल पूरे दिन बना रहा।
