TMC सिंबल विवाद के बाद ममता के समर्थन में राहुल गांधी और केजरीवाल, कांग्रेस पर उठे सवाल; ECI के फैसले पर विपक्ष हमलावर

arvind_kejriwal_1789711122158_CY

नई दिल्ली: चुनाव आयोग के तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर अंतरिम आदेश के बाद विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया सामने आई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ममता बनर्जी के समर्थन में बयान देते हुए चुनाव आयोग और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी आयोग के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से जोड़कर टिप्पणी की है।

राहुल गांधी ने ममता के समर्थन में क्या कहा?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह सिर्फ ममता बनर्जी की लड़ाई नहीं है, बल्कि हर राजनीतिक दल और उस मतदाता की लड़ाई है जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और चुनाव आयोग मिलकर विपक्षी दलों को तोड़ने का काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने शिवसेना, एनसीपी और अब तृणमूल कांग्रेस का जिक्र करते हुए एक जैसी प्रक्रिया अपनाए जाने का दावा किया। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाया और कहा कि आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी जनादेश की रक्षा करना है।

कांग्रेस के रुख को लेकर भी चर्चा

टीएमसी और कांग्रेस के बीच संबंधों को लेकर पहले से ही कई तरह की चर्चाएं सामने आती रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ममता बनर्जी ने नंदीग्राम उपचुनाव में मदद के लिए कांग्रेस से संपर्क किया था, लेकिन कांग्रेस की ओर से उनके प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किए जाने की बात सामने आई थी। अब चुनाव आयोग के फैसले के बाद राहुल गांधी के ममता बनर्जी के समर्थन में खुलकर सामने आने से कांग्रेस के रुख को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

अरविंद केजरीवाल ने भी आयोग पर उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी चुनाव आयोग के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का जिक्र करते हुए टिप्पणी की कि यह मोदी जी की ओर से देश को जन्मदिन का तोहफा है और सवाल किया कि क्या इस तरह चुनाव जीता जाएगा।

चुनाव आयोग ने टीएमसी के नाम और सिंबल पर लगाई रोक

बंगाल में उपचुनावों की घोषणा के बाद तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर विवाद सामने आया था। ममता बनर्जी और पार्टी से अलग हुए विधायक ऋतब्रत बनर्जी के गुट ने पार्टी के नाम और ‘फूल और घास’ वाले चुनाव चिह्न पर अपना-अपना दावा किया था।

गुरुवार रात चुनाव आयोग ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए कहा कि विवाद का अंतिम समाधान होने तक दोनों में से किसी भी गुट को ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फूल और घास’ वाले चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी।

आयोग ने दोनों गुटों को शुक्रवार सुबह 11 बजे तक अपनी पसंद के तीन नए नाम और चुनाव चिह्न जमा करने को कहा था।

 

एक नज़र