उत्तर रेलवे की परफॉर्मेंस पर रेलवे बोर्ड की सख्त नजर, ‘विकसित भारत’ लक्ष्य के लिए ग्राहक-केंद्रित सोच पर जोर

WhatsApp Image 2026-02-05 at 7.46.12 PM

नई दिल्ली: रेलवे बोर्ड के सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) श्री हरि शंकर वर्मा ने मंगलवार को बड़ौदा हाउस स्थित उत्तर रेलवे मुख्यालय का दौरा कर जोन के परिचालन प्रदर्शन, नीतिगत दिशा और भविष्य की रणनीतियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उत्तर रेलवे को राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप और अधिक प्रभावी बनाने पर फोकस किया।

मुख्यालय पहुंचने पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री और प्रमुख मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक श्री प्रवीण पांडे ने उनका औपचारिक स्वागत किया।

संरक्षा और सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

विभागाध्यक्षों के साथ आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में श्री हरि शंकर वर्मा ने स्पष्ट किया कि रेल परिचालन में संरक्षा और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को कार्य संस्कृति में बदलाव लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सेवा प्रणाली से औपनिवेशिक मानसिकता को पूरी तरह खत्म करना होगा और यात्रियों व ग्राहकों को केंद्र में रखकर निर्णय लेने होंगे।

कर्मचारियों के प्रशिक्षण में नवाचार पर जोर

रेलवे बोर्ड सदस्य ने अधिकारियों को कर्मचारियों के प्रशिक्षण और कार्यशैली में आधुनिक व अभिनव तरीकों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ रेलवे को भी अपनी सोच और कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार करना होगा, ताकि सेवा गुणवत्ता और विश्वसनीयता दोनों मजबूत हों।

2047 तक ‘विकसित भारत’ का इंजन बनेगी भारतीय रेलवे

बैठक के दौरान श्री वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे इस लक्ष्य को हासिल करने में विकास का प्रमुख इंजन बनेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर रेलवे अधिकारी का प्रदर्शन और निर्णय इसी राष्ट्रीय संकल्प से प्रेरित होना चाहिए।

फील्ड ऑपरेशंस पर विशेष फोकस, मंडल स्तर के अधिकारी भी जुड़े

परिचालन और वाणिज्यिक विभाग के अधिकारियों के साथ हुई विस्तृत समीक्षा बैठक में मंडल स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। इस सत्र में क्षेत्रीय परिचालन से जुड़े मुद्दों, चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

युवा अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित

व्यावहारिक नेतृत्व का परिचय देते हुए श्री हरि शंकर वर्मा ने युवा अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने फील्ड में कार्यरत अधिकारियों की वास्तविक समस्याओं को गंभीरता से सुना और परिचालन से जुड़ी बाधाओं के समाधान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

एक नज़र