UPSC में लॉ ऑफिसर समेत 13 पदों पर भर्ती, 16 अक्टूबर तक आवेदन का मौका; जानें किस पद के लिए क्या है योग्यता
नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने विज्ञापन संख्या 12/2026 के तहत कुल 13 पदों पर ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इन भर्तियों में तकनीकी, कानूनी और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े पद शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 16 अक्टूबर 2026 शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
4 पदों पर भरी जाएंगी 13 रिक्तियां
इस भर्ती अभियान के तहत चार अलग-अलग पदों पर कुल 13 रिक्तियां हैं। इनमें जूनियर टेक्निकल ऑफिसर का 1 पद, असिस्टेंट लेजिस्लेटिव काउंसिल के 8 पद, लॉ ऑफिसर के 3 पद और स्पेशलिस्ट ग्रेड-II (जूनियर स्केल) का 1 पद शामिल है।
जूनियर टेक्निकल ऑफिसर के लिए योग्यता
जूनियर टेक्निकल ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से साइंस या इंजीनियरिंग की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ शुगर टेक्नोलॉजी में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा जरूरी है। उम्मीदवार के पास शुगर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में शिक्षण, शोध या सलाहकार के तौर पर कम से कम 3 वर्ष का संबंधित अनुभव भी होना चाहिए।
असिस्टेंट लेजिस्लेटिव काउंसिल के लिए कानून की डिग्री जरूरी
असिस्टेंट लेजिस्लेटिव काउंसिल पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री आवश्यक है। इसके अलावा निर्धारित प्रोफेशनल अनुभव भी मांगा गया है। इस पद से जुड़े प्रमुख कार्यों में विधायी मसौदा तैयार करना और वैधानिक नियमों एवं आदेशों की जांच करना शामिल है।
लॉ ऑफिसर और स्पेशलिस्ट पद के लिए क्या चाहिए
लॉ ऑफिसर के पद पर आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही लीगल प्रैक्टिशनर के तौर पर या किसी सरकारी कार्यालय में कानूनी कार्य का कम से कम 2 वर्ष का अनुभव जरूरी है।
वहीं, स्पेशलिस्ट ग्रेड-II (जूनियर स्केल) पद के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त मेडिकल योग्यता के साथ संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए।
आवेदन से पहले नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें
आयोग ने अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग नोटिफिकेशन जारी किए हैं। ऐसे में उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद का नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है। इसमें पद के लिए जरूरी योग्यता और अन्य शर्तों की जानकारी दी गई है।
ऐसे होगा उम्मीदवारों का चयन
उम्मीदवारों को उनके आवेदन फॉर्म में दी गई जानकारी के आधार पर इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। यदि किसी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित होती है, तो उसमें उम्मीदवार के प्रदर्शन को भी शॉर्टलिस्टिंग में आधार बनाया जाएगा। आयोग ने आवेदन फॉर्म में सभी जानकारियां सही-सही भरने की सलाह दी है। किसी चरण में उम्मीदवार की ओर से दी गई जानकारी या किया गया दावा गलत पाए जाने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
