शिवा की मौत हत्या या आत्महत्या? क्राइम सीन दोहराकर सच तलाशेगी लखनऊ पुलिस, फोरेंसिक जांच से जुटाए जाएंगे सबूत
आरोपियों ने पूछताछ में आत्महत्या की बात कही
शिवा की मां रंजना शर्मा ने 10 अक्टूबर को मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, चालक और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धमकी देने और हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों से हजरतगंज कोतवाली में करीब साढ़े छह घंटे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि शिवा ने आत्महत्या की थी। पुलिस ने उन्हें अलग-अलग बैठाकर भी सवाल किए, लेकिन उनके बयान एक जैसे रहे। दर्ज मुकदमे के आधार पर पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया था।
डमी और वैज्ञानिक तरीकों से दोहराया जाएगा घटनाक्रम
पुलिस हत्या और आत्महत्या की आशंका के बीच तथ्य स्पष्ट करने के लिए वैज्ञानिक जांच पर जोर दे रही है। क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान डमी यानी पुतले और अन्य वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। विशेषज्ञ घटनाक्रम को दोहराकर उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण करेंगे और रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसके बाद रिपोर्ट को केस डायरी में शामिल किया जाएगा।
कई संदिग्ध हिरासत में, मददगारों की तलाश जारी
हजरतगंज पुलिस, क्राइम ब्रांच और अन्य टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। जांच टीमें यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि फरारी के दौरान श्रद्धा, उसकी बहन और चालक की किस-किस ने मदद की थी। इस सिलसिले में संभावित मददगारों की तलाश की जा रही है और दबिश दी जा रही है।
फरारी के दौरान गायब किए गए मोबाइल की तलाश
पुलिस श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि के पुराने मोबाइल फोन भी तलाश रही है, जिन्हें कथित तौर पर फरारी के दौरान गायब कर दिया गया था। जांच टीमों को उम्मीद है कि फोन बरामद होने पर मामले और आरोपियों को शरण या मदद देने वालों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
पुलिस इस संबंध में श्रद्धा, उसकी बहन और चालक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने की संभावना पर भी विचार कर रही है। मोबाइल फोन कहां फेंके गए, इसकी जानकारी जुटाना जांच का अहम हिस्सा है।
बैंक खातों की जांच, छह लाख रुपये वाला खाता फ्रीज
पुलिस श्रद्धा के बैंक खातों का ब्योरा भी जुटा रही है। श्रद्धा और रश्मि की जानकारी संबंधित बैंकों को देकर खातों से जुड़ी सूचनाएं मांगी गई हैं। पुलिस के अनुसार, श्रद्धा का वह एसबीआई खाता पहले ही फ्रीज कराया जा चुका है, जिसमें छह लाख रुपये थे। एक अन्य खाते को सहारनपुर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में फ्रीज कराया था। बाकी खातों की भी जांच की जा रही है।
बिना पहचान पत्र कमरा देने वाले होटलों पर कार्रवाई की तैयारी
फरारी के दौरान श्रद्धा को कथित तौर पर बिना पहचान पत्र या फर्जी पहचान पत्र पर कमरा देने वाले होटलों को पुलिस चिह्नित कर रही है। इस मामले में आगरा के सदर क्षेत्र स्थित होटल ओम पैलेस के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है। खबर के मुताबिक, होटल ने फर्जी आईडी पर श्रद्धा समेत तीन लोगों को कमरा दिया था।
जेल में सामान्य बंदियों की तरह रह रही श्रद्धा
जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी के मुताबिक, श्रद्धा जेल में सामान्य बंदियों की तरह रह रही है। शुक्रवार सुबह उसने नाश्ते में चाय और दलिया लिया, जबकि दोपहर और शाम को दाल, सब्जी, रोटी और चावल खाया। श्रद्धा, उसकी बहन और चालक को जेल के निर्धारित नियमों के अनुसार रखा गया है। तीनों पर निगरानी रखी जा रही है और जेल नियमावली के तहत सुविधाएं दी जा रही हैं।
