राहुल गांधी का आभार, आराधना मिश्रा को शुभकामनाएं, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बदलने पर अजय राय ने कही बड़ी बात; भाजपा पर भी साधा निशाना
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के बाद अजय राय की प्रतिक्रिया सामने आई है। आराधना मिश्रा ‘मोना’ को नई जिम्मेदारी मिलने पर अजय राय ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता। अजय राय ने यह भी स्पष्ट किया कि उनसे अभी तक इस्तीफा नहीं मांगा गया है।
अजय राय ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी मेहनत और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का अवसर भी दिया गया।
मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने को लेकर क्या बोले अजय राय?
अजय राय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें दोबारा उनके खिलाफ वाराणसी से चुनाव मैदान में उतारा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से मिली ताकत और भरोसे की वजह से ही वह प्रधानमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ सके।
अजय राय ने दावा किया कि वाराणसी लोकसभा चुनाव में उन्हें करीब 4 लाख 60 हजार वोट मिले थे। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सात राउंड में वह नरेंद्र मोदी से आगे भी रहे थे। उनके मुताबिक, इससे पता चलता है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर कितना भरोसा किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से जुटने की अपील
प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के बाद अजय राय ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना कर्तव्य, धर्म और दायित्व पूरी ईमानदारी से निभाया है और आगे भी इसी तरह अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
अजय राय ने कहा कि वह काशी के रहने वाले हैं और बाबा विश्वनाथ के भक्त हैं। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर महादेव का आशीर्वाद है।
आराधना मिश्रा को लेकर अजय राय ने क्या कहा?
आराधना मिश्रा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने पर अजय राय ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आराधना मिश्रा तीन बार विधायक रह चुकी हैं और उनके परिवार की उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी प्रभावी भूमिका रही है।
अजय राय ने कहा कि इस बार कांग्रेस का राजनीतिक समीकरण पहले की तुलना में ज्यादा मजबूत है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से नई प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पूरी ताकत के साथ काम करने की अपील की।
भाजपा पर अजय राय ने लगाए गंभीर आरोप
अजय राय ने गोरखपुर में बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर तंज कसते हुए कहा कि वहां गोरखपुर को स्पेन बनाने की बात कही गई थी, लेकिन पहली ही बारिश में लोगों के घरों में पानी घुस गया।
अजय राय ने भाजपा सरकार पर वसूली और चोरी के आरोप भी लगाए। गोरखपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि देवता के नाम पर आए पैसों का भी दुरुपयोग किया गया।
