आज फिर चांदी ने मचाया हाहाकार, ₹15,000 की छलांग से नया रिकॉर्ड, सोना भी ₹5,000 उछला
सोने-चांदी की कीमतों में तेज़ उछाल का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सर्राफा बाजार में एक बार फिर कीमती धातुओं ने नए रिकॉर्ड बना दिए। कमजोर अमेरिकी डॉलर और वैश्विक बाजारों में मजबूत ट्रेंड के बीच निवेशकों की सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोना और चांदी दोनों ही नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए।
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी का ऑल टाइम हाई
दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन जोरदार तेजी देखने को मिली। बुधवार को चांदी का भाव ₹15,000 यानी करीब 4.05 प्रतिशत की उछाल के साथ ₹3,85,000 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। इससे पहले मंगलवार को चांदी ₹40,500 की रिकॉर्ड बढ़त के साथ ₹3,70,000 प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
सोने के दाम भी ₹5,000 बढ़े, नया रिकॉर्ड कायम
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी आज जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बुधवार को ₹5,000 यानी करीब 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹1,71,000 प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मंगलवार को सोना ₹7,300 की तेजी के साथ ₹1,66,000 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
क्यों लगातार महंगे हो रहे हैं सोना-चांदी?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, सोना और चांदी दोनों में मजबूती बनी हुई है और कीमतों को ऊपर ले जाने के लिए रोज़ नए फैक्टर सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और व्यापारिक अनिश्चितताओं के चलते निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर इन कीमती धातुओं की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार से भी मिल रहा सपोर्ट
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी जारी है। डॉलर इंडेक्स के कमजोर होने से इन धातुओं को और मजबूती मिली है। फॉरेक्स डॉट कॉम के अनुसार, सोना 74.57 डॉलर यानी 1.44 प्रतिशत बढ़कर 5256.35 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। कारोबारी सत्र के दौरान सोना 5311.38 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर तक भी गया। हाजिर बाजार में सोने की कीमतों में लगातार आठवें दिन तेजी दर्ज की गई है, जबकि अमेरिकी डॉलर चार साल के निचले स्तर पर आ चुका है।
चांदी ने विदेशी बाजार में भी दिखाई चमक
विदेशी बाजारों में चांदी की कीमतें भी मजबूती के साथ कारोबार कर रही हैं। बुधवार को चांदी 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 112.22 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। इससे पहले सोमवार को चांदी 14.42 डॉलर यानी करीब 14 प्रतिशत उछलकर 117.73 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी।
