पोस्ट ऑफिस की इस स्कीम में निवेश कर बनाएं फिक्स मंथली इनकम, हर महीने खाते में आएगा ब्याज
डाकघर लंबे समय से देश के करोड़ों लोगों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद निवेश का जरिया रहा है। पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं पर खासकर मिडिल क्लास और लोअर इनकम ग्रुप का भरोसा सबसे ज्यादा देखा जाता है। कम जोखिम और तय रिटर्न की वजह से ये स्कीमें आज भी लोगों की पहली पसंद बनी हुई हैं। अगर आप भी एक ऐसा निवेश विकल्प तलाश रहे हैं, जिसमें एक बार पैसा लगाने के बाद हर महीने तय इनकम मिलती रहे, तो पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम आपके लिए काम की साबित हो सकती है।
मंथली इनकम स्कीम में मिल रहा 7.4 फीसदी सालाना ब्याज
पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम यानी MIS पर फिलहाल 7.4 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। इस योजना में निवेशक सिर्फ 1,000 रुपये से खाता खोल सकते हैं। सिंगल अकाउंट के तहत अधिकतम 9 लाख रुपये तक निवेश की अनुमति है, जबकि जॉइंट अकाउंट में यह सीमा 15 लाख रुपये तक तय की गई है। जॉइंट अकाउंट में अधिकतम तीन लोग शामिल हो सकते हैं। इस स्कीम की खास बात यह है कि इसमें मिलने वाला ब्याज हर महीने दिया जाता है और यह राशि सीधे निवेशक के बैंक या पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर कर दी जाती है।
हर महीने फिक्स इनकम चाहने वालों के लिए बड़ा फायदा
मंथली इनकम स्कीम उन लोगों के लिए खास मानी जाती है, जिन्हें नियमित मासिक आय की जरूरत होती है। रिटायर्ड व्यक्ति, सीनियर सिटीजन या फिर वे लोग, जो सुरक्षित निवेश के साथ हर महीने खर्च निकालना चाहते हैं, उनके लिए यह योजना एक स्थिर विकल्प के तौर पर देखी जाती है। इसमें बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम नहीं होता और ब्याज तय दर पर मिलता है।
5 साल में मैच्योर होती है पोस्ट ऑफिस की MIS योजना
पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम खाता खुलने की तारीख से 5 साल में मैच्योर हो जाती है। मैच्योरिटी के बाद निवेश की गई पूरी रकम निवेशक को वापस कर दी जाती है। इस स्कीम में खाता खोलने के लिए पोस्ट ऑफिस का सेविंग अकाउंट होना जरूरी है। अगर किसी निवेशक का पहले से पोस्ट ऑफिस में बचत खाता नहीं है, तो उसे पहले सेविंग अकाउंट खुलवाना होगा, क्योंकि हर महीने मिलने वाला ब्याज उसी खाते में ट्रांसफर किया जाता है।
