Uber-Flipkart पार्टनरशिप का ऐलान: अब हर राइड पर मिलेगा SuperCoins का फायदा, जानें कैसे उठाएं पूरा लाभ
ऑनलाइन शॉपिंग और कैब सर्विस के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए फ्लिपकार्ट और उबर ने नई साझेदारी की घोषणा की है। इस पार्टनरशिप के तहत अब यूजर्स को उबर से राइड बुक करने पर फ्लिपकार्ट के सुपरकॉइन्स का फायदा मिलेगा। यह पहल यूजर्स के रोजमर्रा के खर्च को ज्यादा फायदेमंद बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
हर राइड पर मिलेगा 4% तक SuperCoins का रिवॉर्ड
नई व्यवस्था के तहत यूजर्स अपने फ्लिपकार्ट और उबर अकाउंट को लिंक कर सकते हैं। इसके बाद उबर के जरिए बुक की गई हर राइड पर किराए का 4 प्रतिशत हिस्सा सुपरकॉइन्स के रूप में मिलेगा। एक राइड पर अधिकतम 150 सुपरकॉइन्स तक कमाए जा सकते हैं, हालांकि कुल रिवॉर्ड की कोई सीमा तय नहीं की गई है। ये सुपरकॉइन्स सीधे यूजर के फ्लिपकार्ट अकाउंट में जुड़ेंगे।
कहां कर सकेंगे SuperCoins का इस्तेमाल
उबर राइड से मिले सुपरकॉइन्स का इस्तेमाल फ्लिपकार्ट के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर किया जा सकेगा। इनमें फ्लिपकार्ट मिनट्स, क्लियरट्रिप और अन्य पार्टनर ऑफर्स शामिल हैं। यानी अब यात्रा के साथ-साथ शॉपिंग और बुकिंग में भी बचत का फायदा मिलेगा।
नए यूजर्स के लिए खास बोनस ऑफर
इस साझेदारी के तहत नए और निष्क्रिय यूजर्स के लिए विशेष ऑफर भी रखा गया है। जो यूजर्स नए हैं या जिन्होंने पिछले 84 दिनों में उबर का इस्तेमाल नहीं किया है, वे अकाउंट लिंक करने के 28 दिनों के भीतर पहली राइड पूरी करने पर 150 बोनस सुपरकॉइन्स हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच अकाउंट लिंक करने वाले यूजर्स को 28 दिनों के अंदर पहली राइड पूरी करने पर अतिरिक्त 50 सुपरकॉइन्स भी मिलेंगे।
यूजर्स के रोजमर्रा अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर
इस साझेदारी को लेकर फ्लिपकार्ट के वाइस प्रेसिडेंट (पेमेंट्स और सुपरकॉइन्स) गौरव अरोड़ा ने कहा कि सुपरकॉइन्स को रोजमर्रा के उपयोग के लिए एक मजबूत रिवॉर्ड प्रोग्राम बनाने पर कंपनी का फोकस है और मोबिलिटी इसमें एक स्वाभाविक विस्तार है। वहीं उबर इंडिया और दक्षिण एशिया के बिजनेस डेवलपमेंट डायरेक्टर अर्नब कुमार ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य यूजर्स के लिए रोजाना की यात्रा को ज्यादा सुविधाजनक और लाभकारी बनाना है।
