‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की सुहासिनी दादी अब कहां हैं? अभिरा की पर-परदादी का बदला अंदाज़ देख रह जाएंगे हैरान
स्टार प्लस का पॉपुलर शो ये रिश्ता क्या कहलाता है साल 2009 से लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। करीब 17 वर्षों से ऑनएयर यह धारावाहिक हिंदी टीवी के सबसे लंबे समय तक चलने वाले शोज़ में शुमार है। 5000 से ज्यादा एपिसोड पूरे कर चुका यह शो, जिसे राजन शाही के डायरेक्टर्स कट प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है, हर जनरेशन की कहानी और किरदारों की वजह से आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है।
इस शो के कई किरदार ऐसे हैं जिन्हें दर्शक उनके असली नाम से नहीं, बल्कि ऑन-स्क्रीन पहचान से जानते हैं। उन्हीं में से एक हैं अभिरा की पर-परदादी सुहासिनी अजमेरा गोयनका।
2016 से 2023 तक निभाया अहम किरदार
सुहासिनी अजमेरा गोयनका का किरदार अभिनेत्री स्वाति चिटनिस ने निभाया था। उन्होंने 2016 से 2023 तक शो की दूसरी और तीसरी पीढ़ी में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। वह कार्तिक गोयनका की दादी, अक्षरा गोयनका शर्मा की परदादी और अभिरा शर्मा पोद्दार की पर-परदादी के रूप में नजर आईं।
सीरियल में सादगी और संस्कारों की मिसाल दिखने वाली सुहासिनी दादी असल जिंदगी में काफी स्टाइलिश और ग्लैमरस हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें देखकर फैंस अक्सर हैरान रह जाते हैं।
इन दिनों इस शो में आ रही हैं नजर
स्वाति चिटनिस आज भी टेलीविजन इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। वह सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ी अपडेट्स साझा करती रहती हैं। इन दिनों वह जी टीवी के शो सरू में अन्नपूर्णा इंद्रवदन बजाज की भूमिका निभा रही हैं। इस नए किरदार में भी वह दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं।
टीवी ही नहीं, फिल्मों में भी दिखा चुकी हैं दम
स्वाति चिटनिस का करियर सिर्फ टीवी तक सीमित नहीं है। वह फिल्म शुभ मंगल सावधान और ही पोरगी कुणाची में भी नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘लागी तुझसे लगन’ और ‘भाई भैया और ब्रदर’ जैसे टीवी शोज़ में भी काम किया है।
स्टार प्लस के ही लोकप्रिय धारावाहिक इस प्यार को क्या नाम दूं? में भी उन्होंने अर्नव की दादी (सुभद्रा/सुमी) का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
टीवी की संस्कारी दादी के रूप में पहचान बना चुकी स्वाति चिटनिस आज भी इंडस्ट्री में एक्टिव हैं और अपने नए-नए किरदारों से दर्शकों का दिल जीत रही हैं।
