बार-बार हादसा करने वाले वाहनों पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन! रजिस्ट्रेशन रद्द, वाहन होंगे स्क्रैप

cm_yogi_order_1782058480566_1782

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों और मौतों के मामलों पर सख्ती दिखाते हुए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब बार-बार दुर्घटनाओं में शामिल होने वाले वाहनों और उनके चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में न सिर्फ चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जाएगा, बल्कि वाहन का रजिस्ट्रेशन भी रद्द कर उसे स्क्रैप कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सड़क हादसों पर सरकार की बढ़ी चिंता

प्रदेश में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में सड़क हादसों में 24,118 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 27,205 तक पहुंच गई। वहीं वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में ही 2,782 लोगों की जान जा चुकी है। इसी को देखते हुए शासन स्तर पर रोड सेफ्टी को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने दिए थे कड़े निर्देश

हाल ही में सड़क सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटनाओं और मौतों के बढ़ते आंकड़ों पर गंभीर चिंता जताई थी। उन्होंने रोड सेफ्टी से जुड़े सभी विभागों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा था कि बार-बार दुर्घटना करने वाले चालकों और वाहनों के खिलाफ नियमों के तहत कठोर कदम उठाए जाएं।

लाइसेंस के साथ आरसी भी होगी रद्द

सरकारी निर्देशों के अनुसार, यदि कोई वाहन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बनता है तो संबंधित चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जा सकता है। इसके साथ ही वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) भी रद्द किया जाएगा। आरसी रद्द होने के बाद वाहन को जब्त कर स्क्रैप कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मोटर व्हीकल एक्ट में पहले से है प्रावधान

मोटर व्हीकल्स एक्ट, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत परिवहन विभाग को ऐसे मामलों में कार्रवाई का अधिकार प्राप्त है। नियमों के मुताबिक बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले चालकों के लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जा सकते हैं। वहीं किसी वाहन के लगातार दुर्घटनाओं में शामिल पाए जाने पर उसका पंजीकरण रद्द कर उसे कंडम घोषित किया जा सकता है।

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बढ़ेगी निगरानी

परिवहन विभाग पहले भी कई मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के लाइसेंस पर कार्रवाई कर चुका है। हालांकि अब सरकार का फोकस उन वाहनों पर भी रहेगा जो बार-बार हादसों का कारण बन रहे हैं। अधिकारियों को ऐसे मामलों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

एक नज़र