विजयादशमी पर सीएम योगी ने गुरु गोरखनाथ का किया विशेष पूजन, लोककल्याण की कामना की

23-3

लखनऊ: विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में गुरु-शिष्य परंपरा और नाथपंथ की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत की झलक देखने को मिली। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गुरु गोरखनाथ के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए लोककल्याण और समस्त जगत की सुख-समृद्धि की कामना की।

तुरही, नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मठ से मंदिर पहुंचे। विशेष परिधान में सुसज्जित गोरक्षपीठाधीश्वर के मंदिर आगमन पर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। श्रीनाथ पूजन संपन्न करने के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित अन्य देवी-देवताओं के विग्रहों की भी विधिपूर्वक पूजा की।

नाथपंथ की परंपरा में श्रीनाथ पूजन का विशेष महत्व

नाथपंथ की साधना पद्धति में गुरु को योग, अनुशासन, आत्मसंयम और आत्मबोध का मार्ग दिखाने वाला माना गया है। विजयादशमी के दिन आयोजित होने वाला श्रीनाथ पूजन इसी आध्यात्मिक परंपरा का अहम अनुष्ठान है। गोरक्षपीठ में लंबे समय से चली आ रही यह परंपरा गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को दर्शाती है।

तिलकोत्सव और विजय शोभायात्रा में भी शामिल होंगे सीएम योगी

विजयादशमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में दिनभर विभिन्न पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मध्याह्न में होने वाले तिलकोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नाथ योगियों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम को वह मंदिर से निकलने वाली विजय शोभायात्रा की अगुवाई भी करेंगे।

 

एक नज़र