राजस्थान में शादी-ब्याह के लिए मिलेगा 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर, जानें कौन ले सकेगा और क्या है प्रक्रिया
जयपुर: राजस्थान में बढ़ती LPG की मांग और शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए राज्य सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विवाह समारोहों के लिए 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को ईंधन की कमी का सामना न करना पड़े।
समीक्षा बैठक में आपूर्ति व्यवस्था पर लिया गया अहम फैसला
7 अप्रैल को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई व्यवस्था के साथ-साथ PNG कनेक्शनों के विस्तार पर चर्चा की गई। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और ऑयल-गैस मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल गैस सिलेंडरों की औसत डिलीवरी 4 से 5 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जा रही है।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए तय की गई सिलेंडर संख्या
सरकार ने स्पष्ट किया है कि शादी समारोहों में बढ़ती मांग को देखते हुए विशेष प्रावधान किए गए हैं। निर्देशों के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में विवाह समारोह के लिए अधिकतम 2 और शहरी क्षेत्रों में 3 कमर्शियल (19 किलो) LPG सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह है कि घरेलू सिलेंडरों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और समारोह बिना किसी रुकावट के संपन्न हो सकें।
कमर्शियल सिलेंडर लेने के लिए क्या करना होगा?
कमर्शियल LPG सिलेंडर प्राप्त करने के लिए आवेदक को अपने विवाह समारोह का कार्ड आवेदन के साथ संलग्न कर संबंधित जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) के पास जमा करना होगा। आवेदन मिलने के बाद DSO संबंधित गैस एजेंसी से समन्वय कर सिलेंडर उपलब्ध करवाएगा।
ई-केवाईसी अनिवार्य, बिना सत्यापन नहीं मिलेगी डिलीवरी
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने ई-केवाईसी को अनिवार्य कर दिया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना ई-केवाईसी पूरा किए किसी भी उपभोक्ता को LPG सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी जाएगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि केवल पात्र लाभार्थियों को ही इस सुविधा का लाभ मिल सके।
