फिरोजाबाद में पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, मफलर से गला घोंटकर पति की हत्या, पहचान छुपाने को सिर किया अलग

crime_1739924710572_1768284959438

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। पहले मफलर से गला घोंटकर युवक की जान ली गई, फिर पहचान छुपाने के इरादे से शव का सिर धड़ से अलग कर दिया गया।

लापता युवक का सिर कटा शव मिलने से मचा हड़कंप

मूलरूप से एटा निवासी 26 वर्षीय सौरभ सिंह उत्तर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में रहता था और 9 जनवरी से लापता था। रविवार को नारखी क्षेत्र के गांव जाखई में एक नलकूप की कोठरी में उसका सिर कटा शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।

मोबाइल कॉल डिटेल से खुला राज

पुलिस टीमों ने जब मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो चौंकाने वाले सुराग हाथ लगे। जांच में सौरभ की पत्नी प्रीति, उसके प्रेमी सूरज और उसके दोस्त सलमान के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

मुठभेड़ के बाद प्रेमी और साथी गिरफ्तार

सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सूरज और सलमान श्रीराम गढ़ी के पास भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सूरज के पैर में दो और सलमान के पैर में एक गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रीति को भी हिरासत में ले लिया है।

अवैध संबंध बने हत्या की वजह

एसपी सिटी के अनुसार, सूरज के सौरभ की पत्नी से अवैध संबंध थे। सौरभ के कारण दोनों मिल नहीं पाते थे, इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। 9 जनवरी को सूरज ने सौरभ को फोन कर बुलाया, नलकूप की कोठरी के पास शराब पिलाई और नशे की हालत में मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। बाद में पहचान छुपाने के लिए शव का सिर अलग कर दिया गया।

पूरे मामले की गहन जांच जारी

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है।

 

एक नज़र