GEN-Z आंदोलन की आड़ में फरारी, नेपाल की जेल से भागा ड्रग तस्कर अहमदाबाद में सास के घर से दबोचा गया

6978b164609c4-pauri-police-actio

GEN-Z आंदोलन के दौरान नेपाल की जेल से फरार हुए एक अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थ तस्कर को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अहमदाबाद निवासी धर्मेश चुनारा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शहर के कागडापीठ इलाके से उस वक्त पकड़ा, जब वह अपनी सास के घर में छिपकर रह रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी की सास खुद इलाके की सूचीबद्ध बुटलेगर है और अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय है।

नेपाल एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था 13 किलो हाइब्रिड गांजे के साथ
पुलिस के मुताबिक, धर्मेश चुनारा को पिछले साल बैंकॉक से नेपाल के रास्ते गांजा तस्करी करते हुए नेपाल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से करीब 13 किलो हाइब्रिड गांजा बरामद हुआ था, जिसके बाद उसे नेपाल की जेल में बंद कर दिया गया था।

GEN-Z आंदोलन के दौरान टूटी जेल, आरोपी हुआ फरार
नेपाल में GEN-Z आंदोलन के दौरान हालात बेकाबू हो गए थे। इसी दौरान स्थानीय युवकों ने एक जेल को तोड़ दिया, जिसमें धर्मेश चुनारा भी बंद था। जेल टूटने के बाद वह अन्य आरोपियों के साथ फरार हो गया और नेपाल से भागकर भारत आ गया।

अहमदाबाद में सास के घर बना रखा था ठिकाना
नेपाल से फरार होने के बाद धर्मेश सीधे अहमदाबाद पहुंचा और कागडापीठ इलाके में अपनी सास के घर में छिपकर रहने लगा। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को इस संबंध में पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कर्ज और नशे की लत ने बनाया तस्कर
क्राइम ब्रांच के जेसीपी शरद सिंघल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी पर भारी कर्ज था, जिसके चलते वह नशे का आदी हो गया। इसी वजह से उसने नशीले पदार्थों की तस्करी का रास्ता अपनाया। पुलिस का कहना है कि वह पहले भी नेपाल के रास्ते भारत में गांजा लाने के नेटवर्क से जुड़ा रहा है।

नेपाल से भेजी गई थी फरार आरोपियों की लिस्ट
पुलिस के अनुसार, GEN-Z आंदोलन के बाद नेपाली एजेंसियों ने जेल से फरार हुए भारतीय आरोपियों की सूची भारतीय एजेंसियों को सौंपी थी। इस सूची में गुजरात के दो आरोपी शामिल थे, जिनमें एक अहमदाबाद का धर्मेश चुनारा और दूसरा सूरत का आरोपी है, जो अब भी फरार चल रहा है।

केंद्रीय एजेंसी को सौंपा जाएगा आरोपी
फिलहाल अहमदाबाद में धर्मेश चुनारा के खिलाफ कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन नेपाल से भारत में हाइब्रिड गांजा तस्करी के केस की जांच जारी है। क्राइम ब्रांच ने साफ किया है कि आरोपी को जल्द ही केंद्रीय एजेंसी को सौंपा जाएगा। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे नेपाल प्रत्यर्पित किया जाएगा, जहां उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई होगी।

 

एक नज़र