प्लेन क्रैश में बॉलीवुड ने भी झेले हैं बड़े जख्म, 7 महीने की प्रेग्नेंसी से लेकर पूरे परिवार के खत्म होने तक की दर्दनाक कहानियां

soundarya-1-1769608778

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 28 जनवरी की सुबह बारामती जाते वक्त उनका विमान एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसल गया और क्रैश हो गया। इस हादसे में अजित पवार के साथ उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर की भी जान चली गई। उनका अंतिम संस्कार 29 जनवरी को सुबह 11 बजे किया जाएगा। यह हादसा एक बार फिर उन दर्दनाक घटनाओं की याद दिलाता है, जब विमान दुर्घटनाओं में कई जानी-मानी हस्तियों ने अपनी जान गंवाई। बॉलीवुड भी इस त्रासदी से अछूता नहीं रहा है।

सूर्यवंशम फेम सौंदर्या की दर्दनाक मौत
साउथ और हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और ‘सूर्यवंशम’ फेम सौंदर्या का निधन भी प्लेन क्रैश में हुआ था। 17 अप्रैल 2004 को वह बेंगलुरु के जक्कुर एयरफील्ड से करीमनगर जा रही थीं। टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद विमान में आग लग गई और वह क्रैश हो गया। उस वक्त सौंदर्या महज 32 साल की थीं और सात महीने की गर्भवती थीं। इस हादसे में उनके भाई अमरनाथ, भाजपा कार्यकर्ता रमेश कदम और पायलट जॉय फिलिप्स की भी मौत हो गई थी। इस खबर ने पूरे फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया था।

‘नदिया के पार’ के अभिनेता इंदर ठाकुर का पूरा परिवार खत्म
फिल्म ‘नदिया के पार’ में सचिन पिलगांवकर के बड़े भाई ओमकार का किरदार निभाने वाले अभिनेता इंदर ठाकुर की मौत भी बेहद दर्दनाक थी। 23 जून 1985 को वह अपनी पत्नी प्रिया और बच्चे के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट 182 से लंदन जा रहे थे। इस विमान में बम विस्फोट हुआ, जिसमें सवार सभी 329 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में इंदर ठाकुर के साथ उनका पूरा परिवार खत्म हो गया। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 35 साल थी।

‘रसना गर्ल’ तरुणी सचदेव की कम उम्र में विदाई
टीवी विज्ञापनों से घर-घर पहचान बनाने वाली ‘रसना गर्ल’ तरुणी सचदेव भी विमान हादसे का शिकार हुई थीं। चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर लोकप्रिय तरुणी ने अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और विद्या बालन की फिल्म ‘पा’ में भी काम किया था। 14 मई 2012 को नेपाल के जोमसोम एयरपोर्ट के पास हुए प्लेन क्रैश में 14 साल की तरुणी की मौत हो गई। वह अपने जन्मदिन के दिन मां के साथ यात्रा कर रही थीं। इस हादसे में उनकी मां ने भी जान गंवा दी थी।

विमान हादसों ने समय-समय पर सिनेमा और राजनीति जगत से कई चमकते सितारे छीन लिए हैं। ये घटनाएं आज भी लोगों के दिलों में गहरा दर्द छोड़ जाती हैं।

 

एक नज़र