1 गिलास पानी में घोलकर पिएं आंवला चूर्ण, इम्युनिटी से लेकर वजन तक पर दिखेगा असर
आयुर्वेद में आंवला को सौ बीमारियों की एक दवा माना गया है। विटामिन सी से भरपूर आंवला शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। बाल, त्वचा और आंखों के लिए आंवला को बेहद लाभकारी माना जाता है। अगर रोजाना ताजा आंवला उपलब्ध न हो, तो 1 गिलास गुनगुने पानी में 1 चम्मच आंवला चूर्ण मिलाकर पीना एक आसान और असरदार विकल्प हो सकता है। नियमित सेवन से शरीर को कई तरह के फायदे मिल सकते हैं और कई समस्याओं से बचाव में मदद मिलती है।
पोषक तत्वों का पावरहाउस है आंवला
आंवला को सुपरफूड इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसमें विटामिन सी के साथ-साथ विटामिन ए, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, कैल्शियम, फास्फोरस, पोटैशियम, मैग्नीशियम और आयरन जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। सर्दियों में आंवले का सीजन होता है और इस दौरान लोग इसे जूस, मुरब्बा, अचार या चटनी के रूप में खाते हैं। सीजन के बाद आंवला चूर्ण गुनगुने पानी के साथ सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।
मेटाबॉलिज्म को करता है बूस्ट
रोजाना आंवला चूर्ण का सेवन मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद करता है। गुनगुने पानी के साथ लेने से पाचन तंत्र मजबूत होता है और पेट से जुड़ी समस्याएं कम हो सकती हैं। कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी दिक्कतों में भी आंवला चूर्ण राहत देने में सहायक माना जाता है।
इम्यून सिस्टम को बनाता है मजबूत
आंवला में मौजूद भरपूर विटामिन सी शरीर की इम्युनिटी को मजबूत करता है। नियमित सेवन से सर्दी-जुकाम और संक्रमण का खतरा कम हो सकता है। इसके अलावा आंवला आंखों की रोशनी बनाए रखने और हड्डियों को मजबूत करने में भी मददगार माना जाता है।
वजन घटाने में भी सहायक
आंवला चूर्ण फाइबर से भरपूर होता है और इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। यही वजह है कि वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए यह एक अच्छा विकल्प माना जाता है। पानी के साथ आंवला चूर्ण लेने से चर्बी कम करने में मदद मिल सकती है।
चेहरे पर निखार और बालों में मजबूती
आंवला में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट त्वचा और बालों के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। नियमित सेवन से बाल मजबूत बनते हैं और झड़ने की समस्या कम हो सकती है। वहीं चेहरे पर प्राकृतिक चमक आती है और दाग-धब्बों व झाइयों में भी सुधार देखा जा सकता है।
तनाव कम करने और डायबिटीज कंट्रोल में मदद
आंवला में एंटी-स्ट्रेस गुण पाए जाते हैं, जो मानसिक तनाव और चिंता को कम करने में सहायक माने जाते हैं। मेंटल हेल्थ के लिए भी इसका सेवन लाभकारी हो सकता है। इसके साथ ही आंवला में मौजूद एंटी-डायबेटिक गुण ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखने में मदद कर सकते हैं।
