यूपी में मौसम का कहर: बारिश, ठंड और कोहरे का ट्रिपल अटैक, कई जिलों में वज्रपात का अलर्ट

kanpur-weather-rain-1770096297457

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार और सोमवार को जहां दिन का तापमान सामान्य रहने से ठंड का असर कुछ कम हुआ था, वहीं मंगलवार सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, धुंध, बारिश और तेज हवाओं ने सर्दी लौटा दी। सुबह करीब 9:45 बजे तक हल्की बारिश और तेज हवा के चलते ठिठुरन बढ़ गई और लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

दिन के तापमान में 7–8 डिग्री तक गिरावट का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके साथ ही उत्तरी, पश्चिमी और तराई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि दोपहर तीन बजे के बाद धीरे-धीरे बादल छंट सकते हैं और बुधवार से मौसम साफ होने के साथ धूप निकलने की संभावना है।

लखनऊ समेत कई जिलों में हवा के साथ रिमझिम बारिश
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में सामान्य धुंध और कोहरे के साथ 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज और आसपास के जिलों में दोपहर बाद या देर शाम बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी यूपी के कई जिलों में बुधवार को घने कोहरे के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई है।

हरदोई में बढ़ी सर्दी, न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री
हरदोई में घने बादलों के बीच सर्दी का असर तेज हो गया है। फिलहाल बारिश नहीं हो रही है, लेकिन मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। न्यूनतम तापमान गिरकर 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं सुल्तानपुर में सुबह कोहरा छाया रहा, जिसे गेहूं की फसल के लिए लाभकारी माना जा रहा है।

घने कोहरे से सड़कों पर थमी रफ्तार
अमरोहा में मंगलवार सुबह से शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। सूर्य न निकलने के कारण लोग सर्दी से ठिठुरते नजर आए।

फरवरी में भी सर्दी का असर बरकरार
मुरादाबाद में फरवरी की शुरुआत के बावजूद सर्दी कम नहीं हुई है। मंगलवार सुबह घने कोहरे के चलते धूप नहीं निकल सकी और दृश्यता काफी कम रही। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। बहजोई में भी घना कोहरा और बादलों के कारण ठंड बनी हुई है और सुबह का आगाज सुस्त रहा।

फिरोजाबाद में कोहरा, दिनभर छाए रहे बादल
फिरोजाबाद में सोमवार रात घना कोहरा पड़ा, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। मंगलवार सुबह से बादल छाए रहने के कारण ठंड और गलन में इजाफा दर्ज किया गया।

कानपुर-बुंदेलखंड में बारिश से फसल को नुकसान की आशंका
कानपुर नगर, बुंदेलखंड और आसपास के जिलों में रात से मौसम बदला हुआ है। तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हो रही है। जालौन और हमीरपुर में अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिससे आलू, चना, मटर, सरसों और मसूर जैसी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि गेहूं की फसल के लिए यह बारिश लाभकारी मानी जा रही है। मौसम विज्ञानियों ने ओलावृष्टि की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।

झांसी में सुबह से जारी बारिश
झांसी में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे से बारिश का सिलसिला जारी है। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है। आसमान पूरी तरह बादलों से घिरा हुआ है और फिलहाल मौसम में सुधार की संभावना कम जताई जा रही है।

 

एक नज़र