पाकिस्तान में जुमे की नमाज पर बड़ा हमला; इस्लामाबाद के इमाम बारगाह में धमाका, पूरे शहर में इमरजेंसी लागू
इस्लामाबाद: पड़ोसी देश पाकिस्तान की राजधानी शुक्रवार को एक भीषण विस्फोट से दहल उठी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित ‘इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा’ में उस समय जोरदार धमाका हुआ जब वहां बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज के लिए एकत्रित हुए थे। इस घटना ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई है।
पूरे शहर में लगी इमरजेंसी
धमाके की तीव्रता और संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इस्लामाबाद शहर में इमरजेंसी लागू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इमाम बारगाह और उसके आसपास के बड़े हिस्से को अपने घेरे में ले लिया है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और किसी भी अनहोनी या दूसरे संभावित हमले को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
अस्पतालों में हाई अलर्ट और बचाव कार्य
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय मीडिया और ‘डॉन न्यूज़’ की रिपोर्टों के मुताबिक, इस विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को तुरंत उपचार के लिए राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। इस्लामाबाद के तीन प्रमुख अस्पतालों पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और सीडीए अस्पताल में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। PIMS के कार्यकारी निदेशक ने जानकारी दी है कि घायलों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल की मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी विभाग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।
जांच के घेरे में विस्फोट का कारण
फिलहाल इस धमाके के पीछे के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। हालांकि, जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह धमाका किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किस प्रकार के विस्फोटक का उपयोग किया गया था। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और न ही प्रशासन ने हताहतों की संख्या की कोई आधिकारिक पुष्टि की है।
