वैदिक मंत्रोच्चार के बीच खुले केदारनाथ धाम के कपाट, सीएम धामी की मौजूदगी में शुरू हुई यात्रा, मोबाइल और रील बनाने पर सख्त रोक

kedarnath-temple-1776824024

रुद्रप्रयाग में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए चार धाम यात्रा के लिए प्रदेश में आगमन पर अभिनंदन किया।

राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि की कामना

उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी कपाट खुलने के अवसर पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की कामना की।

मंदिर परिसर में मोबाइल, वीडियोग्राफी और रील पर प्रतिबंध

इस वर्ष मंदिर प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निहारिका तोमर के अनुसार, मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाने, वीडियो बनाने और रील शूट करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल काउंटर और लॉकर की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर भी रोक रहेगी, ताकि मंदिर की पवित्रता और गरिमा बनी रहे।

श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी, मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और धार्मिक स्थल की मर्यादा बनाए रखें। अक्षय तृतीया से चार धाम यात्रा की औपचारिक शुरुआत के बाद बेस कैंपों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। हाल ही में हुई बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों को भारी ऊनी कपड़े साथ रखने की सलाह दी है, क्योंकि क्षेत्र में तापमान अभी भी जमाव बिंदु के करीब बना हुआ है।

 

एक नज़र