चारधाम यात्रा को लेकर CM धामी का सख्त संदेश: सुरक्षा और सुविधा में नहीं चलेगी कोई ढिलाई, कहा- यात्रियों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता, हुड़दंगियों पर भी सख्ती

PTI04-21-2026-000384B-0_1776824938248_1776824948208

उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें 24 घंटे सतर्कता जरूरी है।

श्रद्धालु नहीं, राज्य के अतिथि हैं यात्री: CM धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है, और उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि यात्रियों की हर समस्या का समाधान व्यक्तिगत जिम्मेदारी की तरह किया जाए।

चारधाम यात्रियों को बताया राज्य का एंबेसडर

सीएम धामी ने कहा कि चारधाम आने वाला हर यात्री राज्य का एंबेसडर होता है, जो अपने अनुभव के आधार पर उत्तराखंड की छवि देश-विदेश में प्रस्तुत करता है। ऐसे में यात्रा व्यवस्थाओं को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखना जरूरी है।

स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था 24 घंटे अलर्ट पर रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सुविधाओं को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और संबंधित विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें।

यात्रियों की सेवा सर्वोपरि, लेकिन हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई

सीएम धामी ने दो टूक कहा कि यात्रियों की सेवा सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन साथ ही अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान कुछ अराजक तत्व भी आ सकते हैं, जिन पर पुलिस को कड़ी नजर रखनी होगी और तुरंत कार्रवाई करनी होगी।

अब तक 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अब तक 20 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें यमुनोत्री के लिए 350859, गंगोत्री के लिए 361243, केदारनाथ के लिए 722966 और बदरीनाथ के लिए 609339 रजिस्ट्रेशन शामिल हैं। वहीं हेमकुंड साहिब के लिए भी 21867 श्रद्धालु पंजीकरण कर चुके हैं।

केदारनाथ में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर सख्त कार्रवाई

केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में दो ड्रोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है और यहां बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

पुलिस की चेतावनी: नियम तोड़े तो जब्ती और कानूनी कार्रवाई तय

पुलिस ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे धाम की मर्यादा और सुरक्षा नियमों का पालन करें। बिना अनुमति ड्रोन या किसी भी प्रकार की अवैध फोटोग्राफी पर उपकरण जब्त करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

 

एक नज़र