बिहार विधानसभा में शक्ति परीक्षण से पहले सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, बोले- ‘नीतीश कुमार की लकीर से हटने की सोच भी नहीं’

samrat-chaudhary-1-1777011064

पटना। बिहार विधानसभा का सत्र शुरू होते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। पहली बार भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता सदन की अगुवाई कर रहा है और मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी आज अपना बहुमत साबित करने जा रहे हैं। मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए गठबंधन के पास 201 विधायक हैं, जिससे सरकार का बहुमत सुरक्षित माना जा रहा है।

बहुमत को लेकर स्पष्ट तस्वीर, विपक्ष भी आश्वस्त
सदन में संख्याबल को लेकर स्थिति लगभग साफ है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी स्वीकार किया कि उनकी संख्या कम है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष की आवाज सुनी जानी चाहिए और सरकार को सभी पक्षों को साथ लेकर चलना चाहिए।

तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला
विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान बार-बार नीतीश कुमार के नाम का इस्तेमाल किया गया, लेकिन उन्हें पहले से ही अंदेशा था कि भाजपा उन्हें लंबे समय तक नहीं रहने देगी। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले पांच वर्षों में बिहार में पांच बार सरकार का गठन हुआ, जो अपने आप में असामान्य स्थिति है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में “मूल भाजपा” का प्रतिनिधित्व नहीं दिखता।

सम्राट चौधरी का जवाब, नीतीश के रास्ते पर चलने का भरोसा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सदन में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार, नितिन नवीन और अमित शाह का उन पर भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी सरकार नीतीश कुमार के तय किए गए मार्ग से अलग चलने की सोच भी नहीं सकती। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास का जो सपना पूर्व मुख्यमंत्री ने देखा था, नई सरकार उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को मौका नहीं मिलने की निराशा है, लेकिन जनता का भरोसा जीतकर ही सत्ता हासिल की जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि यदि जनता का समर्थन इसी तरह मिलता रहा तो एनडीए आने वाले समय में भी सरकार चलाता रहेगा।

जेडीयू के दो नेता बने उपमुख्यमंत्री
नई सरकार में जनता दल यूनाइटेड के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। दोनों नेताओं ने साफ किया है कि सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेगी और उनके विजन को आगे बढ़ाएगी।

पांच दलों का मजबूत एनडीए गठबंधन
बिहार में एनडीए गठबंधन पांच दलों से मिलकर बना है। इसमें भारतीय जनता पार्टी के साथ जनता दल यूनाइटेड, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में इस गठबंधन ने 243 में से 202 सीटों पर जीत दर्ज कर मजबूत स्थिति हासिल की थी।

 

एक नज़र