गुरुग्राम में दिल दहला देने वाला हत्याकांड, लिव-इन पार्टनर संग रह रहे पति के किराए के कमरे के बाथरूम में मिली पत्नी की सड़ी हुई लाश
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम जिले के मानेसर इलाके से रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तीन दिन से लापता 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव एक किराए के कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ। शव बुरी तरह सड़ी-गली हालत में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने महिला के पति और उसकी लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के उमरैन गांव निवासी मधु के रूप में हुई है। मधु की शादी इसी साल 19 फरवरी को मानेसर गांव निवासी अंकित भगत से हुई थी। बताया जा रहा है कि अंकित खेती से जुड़ा हुआ था और फिलहाल बेरोजगार था।
21 मई से अचानक लापता हो गई थी मधु
जानकारी के अनुसार 21 मई को मधु अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। मृतका के पिता अशोक का आरोप है कि उसी दिन दामाद अंकित और उसके परिजन उनके घर पहुंचे थे और कहा था कि मधु घर से जेवर लेकर कहीं चली गई है। इस बात पर परिवार को शक हुआ और अगले ही दिन पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी गई। इसी बीच अंकित भी अचानक गायब हो गया।
पड़ोसियों ने पति के साथ आखिरी बार देखा था
जांच के दौरान पुलिस को पड़ोसियों से अहम जानकारी मिली। लोगों ने बताया कि 21 मई को मधु को आखिरी बार उसके पति अंकित के साथ स्कूटर पर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने अंकित की गतिविधियों की जांच शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
पता चला कि अंकित पिछले करीब दो साल से मानेसर बस स्टैंड के पास किराए के एक कमरे में दूसरी महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। इस जानकारी के बाद पुलिस टीम तुरंत उस कमरे तक पहुंची।
दरवाजा तोड़ते ही फैली बदबू, बाथरूम में मिला शव
रविवार को जब पुलिस टीम किराए के कमरे पर पहुंची तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर प्रवेश करते ही तेज दुर्गंध फैल गई। तलाशी के दौरान बाथरूम से मधु का शव बरामद हुआ, जो काफी हद तक सड़ चुका था।
सूत्रों के मुताबिक पड़ोसियों ने अंकित और उसकी लिव-इन पार्टनर को 22 मई की रात कमरे से बाहर जाते हुए देखा था। इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल सका है।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले में हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
