हार के बाद मैदान पर गरमाया माहौल! वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से हुई तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल
कोलंबो: ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में इंडिया ए को श्रीलंका ए के खिलाफ सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा। मैच खत्म होने के बाद मैदान पर ऐसा घटनाक्रम देखने को मिला जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भारत की हार के बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ी जीत का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे से कुछ कहा, जिसके बाद माहौल अचानक गर्म हो गया। बताया जा रहा है कि बात इतनी बढ़ गई कि खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई।
सुपर ओवर के बाद हुआ पूरा विवाद
यह घटना सुपर ओवर समाप्त होने के तुरंत बाद हुई। मुकाबले की आखिरी गेंद पर वैभव सूर्यवंशी रन बनाने में सफल नहीं हो सके और इंडिया ए को हार झेलनी पड़ी। इसके बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाना शुरू किया।
इसी दौरान श्रीलंका के खिलाड़ी विशेन हालामबेग और भारतीय खिलाड़ियों के बीच कुछ बातचीत हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने कथित तौर पर एक श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का दिया, जिसके जवाब में दूसरी ओर से भी प्रतिक्रिया देखने को मिली। हालांकि स्थिति बिगड़ने से पहले कुछ खिलाड़ियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
ड्रेसिंग रूम की ओर लौटते समय भी वैभव सूर्यवंशी काफी नाराज नजर आए। वायरल वीडियो में उन्हें श्रीलंकाई खिलाड़ियों की ओर इशारा करते हुए कुछ कहते देखा जा सकता है।
बल्ले से नहीं चला वैभव का जादू
मैच में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इंडिया ए के लिए पारी की शुरुआत करते हुए वह 14 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सुपर ओवर में भी वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए की पूरी टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। जवाब में श्रीलंका ए ने भी 265 रन बनाकर मुकाबले को टाई कर दिया। इसके बाद विजेता तय करने के लिए सुपर ओवर खेला गया।
सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की टीम 9 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा बैठी।
ट्राई सीरीज में इंडिया ए की लगातार दूसरी हार
ट्राई सीरीज में इंडिया ए के लिए यह लगातार दूसरी हार रही। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की थी और पहले मुकाबले में श्रीलंका ए को 8 रन से हराया था।
हालांकि दूसरे मैच में अफगानिस्तान ए ने डीएलएस नियम के तहत भारत को 4 रन से शिकस्त दी थी। अब चौथे मुकाबले में श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में जीत दर्ज कर इंडिया ए की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
