‘धुरंधर’ की सफलता के बीच रणवीर सिंह का लग्जरी अंदाज! 6.36 करोड़ की फेरारी लेकर मुंबई की सड़कों पर निकले अभिनेता
मुंबई: अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार चर्चा उनकी किसी फिल्म, विवाद या फैशन स्टेटमेंट को लेकर नहीं, बल्कि उनकी नई लग्जरी स्पोर्ट्स कार को लेकर हो रही है। हाल ही में रणवीर सिंह को मुंबई की सड़कों पर अपनी नई ब्लैक फेरारी 296 जीटीबी चलाते हुए देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में रणवीर सिंह अपनी नई स्पोर्ट्स कार के साथ नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ट्रैफिक के कारण जब उनकी कार की रफ्तार कुछ धीमी हुई तो राहगीरों और प्रशंसकों ने उन्हें कैमरे में कैद करना शुरू कर दिया। इसके बाद अभिनेता अपनी कार की गति बढ़ाकर आगे निकल गए, लेकिन उनकी नई लग्जरी कार चर्चा का विषय बन गई।
6.36 करोड़ रुपये बताई जा रही कार की कीमत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह ने हाल ही में ब्लैक कलर की फेरारी 296 जीटीबी खरीदी है। इस सुपर लग्जरी स्पोर्ट्स कार की कीमत करीब 6.36 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जैसे ही अभिनेता इस कार के साथ मुंबई की सड़कों पर दिखाई दिए, लोगों का ध्यान उनकी ओर खिंच गया।
अपनी दमदार डिजाइन और शानदार प्रदर्शन के लिए पहचानी जाने वाली इस स्पोर्ट्स कार ने रणवीर के कार कलेक्शन में एक और महंगी गाड़ी जोड़ दी है। सोशल मीडिया पर भी उनकी नई खरीदारी को लेकर खूब चर्चा हो रही है।
‘डॉन 3’ विवाद को लेकर भी रहे थे चर्चा में
इससे पहले रणवीर सिंह ‘डॉन 3’ को लेकर सुर्खियों में थे। वर्ष 2023 में फिल्म का ऐलान किया गया था, जिसमें बताया गया था कि रणवीर सिंह इस लोकप्रिय एक्शन-थ्रिलर फ्रेंचाइजी के नए चेहरे होंगे। फिल्म का निर्देशन फरहान अख्तर करने वाले थे, जबकि कियारा आडवाणी को मुख्य अभिनेत्री के रूप में चुना गया था।
हालांकि बाद में खबरें सामने आईं कि रणवीर सिंह ने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली है। इसके बाद मामला फिल्म इंडस्ट्री के कर्मचारी संगठन तक पहुंचा और अभिनेता के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया गया। बाद में यह निर्देश वापस ले लिया गया, जिसके बाद विवाद शांत हो गया।
वर्क फ्रंट पर कई प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा
कामकाज की बात करें तो रणवीर सिंह हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में नजर आए थे। 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल किया। इससे पहले ‘धुरंधर’ का पहला भाग 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ था, जिसने भी कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए थे।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, सारा अर्जुन, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए थे। वहीं, ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बाद अब रणवीर सिंह के आगामी प्रोजेक्ट ‘प्रलय’ को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि इस फिल्म को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
