राहुल गांधी का दो दिवसीय रायबरेली दौरा आज से, विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा; बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी लेंगे जायजा
रायबरेली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार से अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह दोपहर 3:30 बजे से निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दौरे के दौरान उनका रात में भूएमऊ गेस्ट हाउस में ठहरने का कार्यक्रम है।
राहुल गांधी के दौरे को स्थानीय स्तर पर काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरान वह एक तरफ विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे, तो दूसरी ओर बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत कर सकते हैं। इससे क्षेत्र के विकास और स्थानीय समस्याओं पर उनके फोकस का संकेत मिलता है।
दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा
दो दिवसीय दौरे के दौरान राहुल गांधी जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में जिले में संचालित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों और उनके क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति और मौजूदा स्थिति की जानकारी देनी होगी।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कार्यकर्ताओं की ओर से उनके जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं। दौरे का प्रमुख केंद्र जिले में चल रहे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत और केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा रहेगा।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी कर सकते हैं दौरा
रायबरेली में बाढ़ और जलभराव से प्रभावित इलाकों की स्थिति को लेकर भी चिंता बनी हुई है। राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान शिवगढ़ और महाराजगंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा ले सकते हैं। इस दौरान वह स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानने और मौके की स्थिति को समझने का प्रयास करेंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संवाद
राहुल गांधी का पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संवाद भी प्रस्तावित है। इससे पहले रायबरेली के दौरों में वह जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत करते रहे हैं। सितंबर की शुरुआत में उन्होंने हरचंदपुर क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया था। इसके अलावा लालगंज में युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था।
