Electric Scooter की बैटरी को बर्बाद कर सकती हैं ये 4 गलतियां, हजारों रुपये का खर्च बचाना है तो आज से रखें ध्यान

Ather-Konarc-scooter-jagran-2128

नई दिल्ली: भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग तेजी से बढ़ रही है और बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल स्कूटर की जगह इलेक्ट्रिक स्कूटर का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन पहली बार इलेक्ट्रिक स्कूटर चलाने वाले लोग कई बार ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनका सीधा असर बैटरी की सेहत और उसकी उम्र पर पड़ सकता है। अगर आप भी इलेक्ट्रिक स्कूटर चलाते हैं तो कुछ छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर बैटरी को लंबे समय तक बेहतर स्थिति में रखा जा सकता है।

अचानक तेज रफ्तार बढ़ाने से बचें

कई लोग पेट्रोल स्कूटर की तरह इलेक्ट्रिक स्कूटर चलाते हुए शुरुआत में ही तेजी से रफ्तार बढ़ा देते हैं। बार-बार अचानक तेज गति पकड़ने से बैटरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और वह तेजी से डिस्चार्ज हो सकती है। इसलिए स्कूटर चलाते समय रफ्तार को धीरे-धीरे बढ़ाना बेहतर माना जाता है।

चलाने के बाद धूप में घंटों खड़ा न करें

इलेक्ट्रिक स्कूटर को चलाने के बाद लंबे समय तक तेज धूप में खड़ा करना भी बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। पेट्रोल स्कूटर के मुकाबले इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी तापमान को लेकर ज्यादा संवेदनशील होती है। इसलिए स्कूटर को चलाने के बाद संभव हो तो छायादार जगह पर पार्क करें और उसे घंटों सीधी धूप में खड़ा करने से बचें।

घर पहुंचते ही चार्जिंग पर न लगाएं

स्कूटर चलाकर घर पहुंचने के तुरंत बाद उसे चार्जिंग पर लगाना भी सही तरीका नहीं है। सफर के दौरान बैटरी गर्म हो सकती है और ऐसी स्थिति में तुरंत चार्ज करने से उस पर अतिरिक्त असर पड़ने का खतरा रहता है। बेहतर है कि स्कूटर को कुछ समय के लिए खड़ा रहने दें और करीब आधे से एक घंटे बाद चार्जिंग शुरू करें। इससे बैटरी की उम्र बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

हर बार फास्ट चार्जिंग का इस्तेमाल न करें

आजकल कई इलेक्ट्रिक स्कूटरों में फास्ट चार्जिंग की सुविधा मिलती है। समय बचाने के लिए लोग बार-बार इसी विकल्प का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि लगातार फास्ट चार्जिंग करने से लंबे समय में बैटरी की उम्र तेजी से कम होने का खतरा रहता है। इसलिए सामान्य परिस्थितियों में सामान्य चार्जर का इस्तेमाल करना बेहतर है और जरूरत पड़ने पर ही फास्ट चार्जिंग का सहारा लेना चाहिए।

 

एक नज़र