IMD Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ कम दबाव का क्षेत्र, ओडिशा-आंध्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

navbharatlive2026-09-12i5h6v4rci

नई दिल्ली: 12 सितंबर को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के साथ दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों पर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश होने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मध्य भारत में पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा तथा गुजरात क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा तेलंगाना में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में भी बारिश का अनुमान

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा, गुजरात क्षेत्र, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना तथा लक्षद्वीप में भी बारिश होने की उम्मीद है।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, झारखंड, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ, तटीय कर्नाटक, उत्तरी और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे, रायलसीमा तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश का अनुमान है।

70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंकों की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

विदर्भ, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ इनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में मध्यम से तेज बिजली चमकने की भी संभावना है। वहीं केरल और माहे तथा दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में बादल और हल्की बारिश के आसार

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर तक कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली चमक सकती है। दोपहर से शाम के बीच भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह दक्षिण-पूर्वी हवाओं की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जो दोपहर में घटकर करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे और शाम व रात में 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है। उन्हें पश्चिम-मध्य अरब सागर, उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट के पास और उससे दूर के समुद्री क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी तथा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

 

एक नज़र