DUSU Election 2026: छात्रसंघ चुनाव में 20 उम्मीदवार आमने-सामने, 6 महिलाएं भी मैदान में; 18 सितंबर को मतदान

navbharatlive2026-09-11orsbbk14D

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026 के लिए चार प्रमुख पदों पर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए कुल 20 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर 7, उपाध्यक्ष पर 5, सचिव पर 4 और संयुक्त सचिव पद पर 4 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। खास बात यह है कि कुल 20 उम्मीदवारों में 6 महिलाएं भी शामिल हैं।

20 उम्मीदवारों में 6 महिला प्रत्याशी

DUSU चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए एक, सचिव पद के लिए तीन और संयुक्त सचिव पद के लिए दो महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही हैं। उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 8 प्रत्याशी बौद्ध अध्ययन विभाग से हैं। इसके बाद कैंपस लॉ सेंटर से 4 उम्मीदवार मैदान में हैं।

पीजीडीएवी कॉलेज के 2 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं मोतीलाल नेहरू कॉलेज, रामजस कॉलेज, श्री अरबिंदो कॉलेज, हिंदू कॉलेज और हंसराज कॉलेज से एक-एक उम्मीदवार चुनावी मैदान में है।

अध्यक्ष पद पर 7 उम्मीदवारों की टक्कर

अध्यक्ष पद के लिए एजाज मंसूरी कैंपस लॉ सेंटर से चुनाव लड़ रहे हैं। अनन्या रतूड़ी पीजीडीएवी कॉलेज से AISA और SFI गठबंधन की उम्मीदवार हैं। अश्मित कुमार भी पीजीडीएवी कॉलेज से मैदान में हैं।

समर्थ बेनीवाल और यश डबास बौद्ध अध्ययन विभाग से उम्मीदवार हैं। यश डबास ABVP के प्रत्याशी हैं। वहीं समीर कुमार रामजस कॉलेज और विजय शंकर मीणा बौद्ध अध्ययन विभाग से चुनाव लड़ रहे हैं। विजय शंकर मीणा NSUI के उम्मीदवार हैं।

उपाध्यक्ष पद पर 5 उम्मीदवार

उपाध्यक्ष पद के लिए इशू मौर्य कैंपस लॉ सेंटर से ABVP उम्मीदवार हैं। अरण्या सिंह राठौड़ एसपीएम कॉलेज से चुनाव लड़ रही हैं। दीपांशु शोकीन बौद्ध अध्ययन विभाग से मैदान में हैं।

अक्षित शिखर मोतीलाल नेहरू कॉलेज से AISA और SFI गठबंधन के उम्मीदवार हैं, जबकि वीर चतरथ बौद्ध अध्ययन विभाग से NSUI प्रत्याशी हैं।

सचिव पद पर तीन महिला उम्मीदवार

सचिव पद के लिए पंकज कुमार कैंपस लॉ सेंटर से चुनाव लड़ रहे हैं। रिया छाबड़ी श्री अरबिंदो कॉलेज से ABVP उम्मीदवार हैं। नम्रता चौधरी बौद्ध अध्ययन विभाग से NSUI प्रत्याशी हैं।

स्टेंजिन डेस्क्योंग हिंदू कॉलेज से AISA और SFI गठबंधन की उम्मीदवार हैं। इस पद पर चार उम्मीदवारों में तीन महिलाएं हैं।

संयुक्त सचिव पद पर चार प्रत्याशी

संयुक्त सचिव पद के लिए गोपाल चौधरी बौद्ध अध्ययन विभाग से NSUI उम्मीदवार हैं। लक्ष्यराज सिंह कैंपस लॉ सेंटर से ABVP प्रत्याशी हैं।

बी पारिजात हंसराज कॉलेज से AISA और SFI गठबंधन के उम्मीदवार हैं, जबकि विशेष यादव बौद्ध अध्ययन विभाग से चुनाव लड़ रहे हैं।

18 सितंबर को मतदान, 19 सितंबर को होगी मतगणना

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के लिए 18 सितंबर को मतदान होगा, जबकि 19 सितंबर को वोटों की गिनती की जाएगी। इस बार चुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब दिल्ली के सत्य निकेतन में 6 सितंबर को एक इमारत ढहने की घटना में 7 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में 5 छात्र शामिल थे।

यह घटना भी चुनावी मुद्दे के तौर पर सामने आ रही है। इसके अलावा NSUI की ओर से छात्रावासों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि 19 सितंबर को होने वाली मतगणना के बाद DUSU के चार प्रमुख पदों पर किस उम्मीदवार को जीत मिलती है।

 

एक नज़र