यूपी में नौकरी का बड़ा अभियान शुरू, सीएम योगी आज 818 युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र; इन विभागों में मिलेगी नौकरी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के अभियान की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी 19 सितंबर को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देंगे। कुल 818 अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति दी जाएगी। इनमें व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता, उद्योग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं और आयुष विभाग से जुड़े चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं।
818 अभ्यर्थियों को मिलेगी नियुक्ति
कुल 818 चयनित अभ्यर्थियों में 21 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन में स्वयं नियुक्ति पत्र देंगे, जबकि बाकी 797 अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों की ओर से नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
नियुक्तियों में कौशल विकास विभाग के विभिन्न ट्रेडों के 48 अनुदेशक शामिल हैं। इनमें प्लंबर के 31, मैकेनिक (ट्रैक्टर) के छह, वायरमैन के चार और पेंटर (सामान्य) के चार चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा सर्वेयर, मैकेनिकल मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स और लेदर गुड्स मेकर के एक-एक पद पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति मिलेगी।
357 एक्सरे-टेक्नीशियन को मिलेगी नौकरी
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में 357 एक्सरे-टेक्नीशियन के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं, उत्तर प्रदेश उद्योग निदेशालय, कानपुर के तहत सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के नौ पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति मिलेगी।
इन नियुक्तियों से संबंधित विभागों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ेगी और विभागीय कामकाज को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
आयुष विभाग में 404 पदों पर नियुक्ति
आयुष विभाग में सबसे ज्यादा 404 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इनमें 361 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट, चार होम्योपैथिक प्रोफेसर, पांच आयुर्वेद प्रोफेसर और 22 आयुर्वेद रीडर शामिल हैं।
इसके अलावा एक यूनानी प्रोफेसर, एक यूनानी रीडर और 10 यूनानी लेक्चरर के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र मिलेगा।
छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 16 सितंबर को गोरखपुर में कहा था कि उत्तर प्रदेश में अगले छह महीने के दौरान एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। इसी अभियान के तहत 19 सितंबर से नियुक्ति पत्र वितरण की शुरुआत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि उनकी सरकार अब तक बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। विधानसभा चुनाव से पहले एक लाख और युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने 77 हजार पदों पर पुलिस और होमगार्ड भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने की भी बात कही थी।
सरकार ने रोजगार और विकास पर बताया जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश में निवेश और विकास के लिए सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने प्रदेश को आर्थिक गतिविधियों और विकास के लिहाज से आगे बढ़ने की बात कही थी।
उन्होंने यह भी कहा था कि प्रदेश में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव दिया जा रहा है। आवास, शौचालय, राशन, रसोई गैस और बेटियों की पढ़ाई व विवाह से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की बात भी उन्होंने कही थी। बचे हुए पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए शिविर लगाने की बात कही गई है।
