रामदेव-बृजभूषण विवाद में बड़ा यू-टर्न, मुलाकात के बाद दूर हुई गलतफहमी; मानहानि का केस भी वापस

baba-ramdev-1790167802

नई दिल्ली: योग गुरु बाबा रामदेव और बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच चल रही नाराजगी अब खत्म हो गई है। दोनों नेताओं की मुलाकात हुई, जिसके बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बीच जो भी गलतफहमी थी, वह बातचीत के बाद दूर हो गई है। इसी के साथ बाबा रामदेव की ओर से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दायर मानहानि का मुकदमा भी वापस ले लिया गया है।

मुलाकात के बाद बोले- अब कोई विवाद नहीं

मतभेद की खबरों के बीच बाबा रामदेव और बृजभूषण शरण सिंह की मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद दोनों ने एक-दूसरे का आभार जताया और कहा कि अब उनके बीच कोई विवाद नहीं है। बातचीत के दौरान स्थिति स्पष्ट हुई और गलतफहमियां दूर हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, योग गुरु बाबा रामदेव ने बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह के साथ कुछ समय बिताया। इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं। इससे कुछ दिन पहले ही पूर्व बीजेपी सांसद ने एक कार्यक्रम में बाबा रामदेव, उनके उत्पादों और पतंजलि ब्रांड को लेकर सवाल उठाए थे।

रामदेव ने कहा- पतंजलि के खिलाफ फैलाई गईं भ्रांतियां

बाबा रामदेव ने बुधवार को पतंजलि के गाय के घी को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि पतंजलि का गाय का घी या कोई भी दवा नकली नहीं है। उनके मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में पतंजलि को लेकर कई तरह की भ्रांतियां फैलाई गईं।

रामदेव ने बृजभूषण शरण सिंह के बयानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद ने सुनी-सुनाई बातों के आधार पर बयान दिया था। मुलाकात के बाद स्थिति साफ हो गई और दोनों के बीच गलतफहमी भी दूर हो गई। रामदेव ने यह भी बताया कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दायर मानहानि का मुकदमा वापस ले लिया गया है।

रामदेव का दावा- अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी हैं दवाएं

बाबा रामदेव ने पतंजलि के खिलाफ दुष्प्रचार किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से पतंजलि की किसी भी दवा पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।

उन्होंने दावा किया कि पतंजलि की सभी दवाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरी हैं। रामदेव ने यह भी कहा कि उनके ब्रांड के घी की किसी भी लैब में जांच कराई जा सकती है।

बृजभूषण शरण सिंह ने पतंजलि को लेकर क्या कहा था?

बृजभूषण शरण सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान पतंजलि के उत्पादों की आलोचना की थी। उन्होंने बाबा रामदेव को मिलावटी सामान बनाने वालों का “सम्राट” बताते हुए पतंजलि के घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने यह भी कहा था कि पतंजलि के उत्पाद कई देशों में बिक रहे हैं और दावा किया था कि कई देशों में इन पर प्रतिबंध लगा हुआ है। बृजभूषण शरण सिंह ने सरकार से इस मामले पर ध्यान देने की अपील भी की थी।

बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद कंपनी की ओर से बीजेपी नेता के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि का दावा किया गया था।

 

एक नज़र