Bank Strike: 28 सितंबर से 3 दिन बंद रहेंगे बैंक? 26 सितंबर से लगातार 5 दिन सेवाएं प्रभावित होने का खतरा, सरकार ने बुलाई बैठक

navbharatlive2026-09-235hcbw4wx3

नई दिल्ली: देशभर में 28 सितंबर से तीन दिन की बैंक हड़ताल का ऐलान किया गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने कहा है कि मंगलवार को डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर के सामने हुई सुलह बैठक बेनतीजा रहने के बाद हड़ताल का फैसला जारी रहेगा। 26 और 27 सितंबर को वीकेंड होने के कारण बैंक शाखाओं की सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती हैं।

पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह मुख्य मांग

UFBU की प्रमुख मांगों में पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करना शामिल है। इसके अलावा बैंक यूनियनें पेंशन लाभों में सुधार, पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता यानी DA फॉर्मूला और NPS के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में जाने का विकल्प देने की मांग कर रही हैं।

UFBU का दावा है कि उसका प्रतिनिधित्व देश के करीब 90 प्रतिशत बैंकिंग कर्मचारियों के बीच है। संगठन ने इन्हीं मांगों को लेकर 11 सितंबर को भी देशव्यापी हड़ताल की थी।

11 सितंबर की हड़ताल में इन सेवाओं पर पड़ा था असर

पिछली हड़ताल के दौरान कई राज्यों में बैंक शाखाओं की काउंटर सेवाओं, नकद लेनदेन और चेक क्लियरिंग पर असर पड़ा था। मुंबई में बैंकिंग कामकाज सामान्य रहने की बात सामने आई थी, जबकि मध्य प्रदेश, गोवा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में सेवाओं में रुकावट की खबरें आई थीं।

छोटे शहरों और कस्बों में इसका असर अधिक दिखाई देने की बात कही गई थी।

वित्त मंत्रालय ने बुलाई अहम बैठक

प्रस्तावित हड़ताल से पहले वित्त मंत्रालय ने बैंकिंग सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए पहल की है। मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSB), क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB), इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई है।

डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS) के सचिव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाएं जारी रखने और ग्राहकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए आपातकालीन इंतजामों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

26 से 30 सितंबर तक लगातार 5 दिन असर की आशंका

इस हड़ताल का समय भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार का वीकेंड है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल है।

ऐसे में 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं का सामान्य कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। ग्राहकों के लिए शाखा से जुड़े जरूरी काम पहले निपटाना अहम हो सकता है।

चेक और नकद लेनदेन पर पड़ सकता है असर

हड़ताल की स्थिति में चेक प्रोसेसिंग, नकद लेनदेन और शाखाओं पर निर्भर दूसरी बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। यूनियनों ने 26 अगस्त को हड़ताल का नोटिस दिया था।

इसके बाद यूनियन प्रतिनिधियों, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और सरकारी अधिकारियों के बीच सुलह की कई बैठकें हुईं, लेकिन पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह की मांग पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।

 

एक नज़र