America Winter Storm: बर्फीले तूफान से कांपा अमेरिका, 30 की मौत, तापमान माइनस 31 तक गिरा, जनजीवन ठप
अमेरिका इस वक्त भीषण बर्फीले तूफान और रिकॉर्डतोड़ ठंड की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि देश के बड़े हिस्से में जनजीवन पूरी तरह ठहर गया है। कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी के चलते अब तक कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लाखों लोग बिजली और गर्मी के बिना रातें गुजारने को मजबूर हैं।
2100 किलोमीटर तक फैला बर्फ का कहर
बर्फीले तूफान का असर आर्कन्सास से लेकर न्यू इंग्लैंड तक करीब 2100 किलोमीटर के विशाल इलाके में देखा जा रहा है। कई जगहों पर एक फुट से ज्यादा मोटी बर्फ जम गई है, जिससे सड़क यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। हालात को देखते हुए उड़ानें रद्द की गईं और सोमवार को बड़े पैमाने पर स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया।
माइनस 31 डिग्री तक गिरा तापमान
नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक, पिट्सबर्ग से उत्तर के इलाकों में 20 इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। सोमवार देर रात तक तापमान माइनस 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका का लगभग दो-तिहाई हिस्सा इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आर्कटिक हवा के नए प्रवाह से पहले से बर्फ से ढके इलाकों में जमा देने वाली ठंड बनी रहेगी।
न्यूयॉर्क में ठंड ने ली 8 लोगों की जान
ठंड से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। न्यूयॉर्क के अधिकारियों ने बताया कि कड़ाके की ठंड वाले वीकेंड के दौरान 8 लोग खुले में मृत पाए गए। न्यूयॉर्क शहर में कई सालों बाद इतनी भारी बर्फबारी देखने को मिली है। कई इलाकों में 8 से 15 इंच तक बर्फ जमी हुई है, जिससे आपात सेवाओं पर भी दबाव बढ़ गया है।
लाखों घरों में अंधेरा, हजारों उड़ानें रद्द
बर्फीली बारिश और तेज हवाओं के कारण पेड़ों की डालियां और बिजली की लाइनें टूट गई हैं। सोमवार शाम तक पूरे अमेरिका में 6 लाख 30 हजार से ज्यादा घरों की बिजली गुल रही, जिनमें से ज्यादातर दक्षिणी राज्यों में हैं। एविएशन ट्रैकिंग फर्म सिरियम के मुताबिक, सोमवार को 12 हजार से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई या उन्हें रद्द करना पड़ा। वहीं रविवार को अमेरिका की 45 प्रतिशत उड़ानें रद्द की गईं, जो कोविड-19 महामारी के बाद अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
फिर आ सकता है नया बर्फीला तूफान
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस वीकेंड पूर्वी तट के कुछ हिस्सों में एक और बर्फीले तूफान की संभावना है। ऐसे में हालात और बिगड़ सकते हैं और ठंड से होने वाले नुकसान में इजाफा हो सकता है।
