बंगाल चुनाव पर अमित शाह का बड़ा दावा, बोले- ‘दीदी की विदाई तय, पहले चरण में बीजेपी को भारी बढ़त’
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में बीजेपी को भारी बढ़त मिली है और राज्य में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है।
पहले चरण के मतदान पर जताया संतोष
अमित शाह ने कहा कि पहले चरण में शांतिपूर्ण मतदान हुआ और किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई। इसके लिए उन्होंने निर्वाचन आयोग और सुरक्षा बलों का आभार जताया। साथ ही उन्होंने मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने भय के माहौल से विश्वास की ओर बढ़ने की एक नई शुरुआत की है। शाह ने भरोसा जताया कि दूसरे चरण के मतदाता भी इसी क्रम को आगे बढ़ाएंगे।
बीजेपी को 110 सीटों पर जीत का दावा
गृह मंत्री ने दावा किया कि पहले चरण में पार्टी को भारी बढ़त मिली है। उन्होंने कहा कि उन्हें मिले फीडबैक के मुताबिक बीजेपी 152 सीटों में से 110 सीटें जीतने जा रही है। शाह ने कहा कि दूसरे चरण के बाद पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने नारा देते हुए कहा कि अब बंगाल में बदलाव तय है और वर्तमान सरकार की विदाई निश्चित है।
‘बंगाल का ही होगा मुख्यमंत्री’
अमित शाह ने मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने पर राज्य का मुख्यमंत्री कोई बाहरी नहीं होगा, बल्कि बंगाल में जन्मा, बंगाली बोलने वाला और राज्य के लिए समर्पित व्यक्ति ही इस पद पर बैठेगा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार राज्य में उसकी सरकार नहीं बनने जा रही है।
भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई का ऐलान
शाह ने कहा कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है तो तृणमूल कांग्रेस से जुड़े सभी भ्रष्टाचार के मामलों की जांच कराई जाएगी। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त जज की निगरानी में जांच होगी और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में अपराध और सिंडिकेट राज को खत्म किया जाएगा और महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
