भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई: 49 लाख नेपाली करेंसी के साथ युवक गिरफ्तार, हवाला संदेह में पूछताछ
सीतामढ़ी। भारत-नेपाल सीमा के कन्हवां बॉर्डर पर शुक्रवार को भारतीय सीमा सुरक्षा बल (SSB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 लाख नेपाली करेंसी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। युवक बैग में भारी मात्रा में नेपाली करेंसी लेकर सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन एसएसबी की पैनी नजरों से बच नहीं पाया। गिरफ्तार युवक से अभी नेपाली करेंसी और उसके स्रोत के संबंध में पूछताछ जारी है।
पकड़े गए युवक की पहचान और सीमा पर कार्रवाई
एसएसबी सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान रामस्नेही यादव के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है, जो भेड़रहिया गांव, बेला थाना क्षेत्र का निवासी है। घटना के समय एसएसबी के जवान सचेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में गश्ती कर रहे थे। नेपाल से बाइक पर आए युवक ने भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश की। जवानों ने उसकी बाइक रोकी और बैग की तलाशी ली, जिसमें कुल 49 लाख नेपाली करेंसी पाई गई। युवक की होंडा बाइक (बीआर 30 एआर) और नोट जब्त कर उनसे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में छह जवान शामिल थे, जिनमें रमणीक सिंह भी थे।
हवाला और तस्करी की आशंका
जानकारों का कहना है कि जब्त की गई राशि हवाला के लिए इस्तेमाल की जा रही हो सकती है। बॉर्डर इलाके में वर्षों से नेपाली और भारतीय करेंसी का हवाला कारोबार चलता आया है। सूत्रों ने बताया कि परिहार प्रखंड क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि का पुत्र भी इस अवैध कारोबार से जुड़ा है, और उसकी टीम में आधा दर्जन युवक काम करते हैं। इनका मुख्य धंधा करेंसी को नेपाली से भारतीय और भारतीय से नेपाली में बदलना है। इसके अलावा इलाइची और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की तस्करी भी नेपाल से भारत में होती रही है।
पहले भी हुई थी बड़ी जब्ती
कुछ महीने पहले सीतामढ़ी शहर के मेहसौल थाना क्षेत्र में पुरानी बस स्टैंड से एक टेंपो में 10 लाख से अधिक नेपाली करेंसी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया था। उस युवक की पहचान नानपुर थाना क्षेत्र के कोइली निवासी संतोष कुमार चौधरी के रूप में हुई थी, जो स्व. रामाशीष चौधरी के पुत्र हैं।
