देश की सुरक्षा में बड़ी सेंध! सैन्य अफसरों के WhatsApp ग्रुप तक पहुंचे पाकिस्तानी एजेंट, जांच के आदेश से मचा हड़कंप
नई दिल्ली: देश की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर साइबर खतरा सामने आया है। सुरक्षा एजेंसियों ने रक्षा प्रतिष्ठानों, अर्द्धसैनिक बलों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों के कुछ निजी व्हाट्सऐप ग्रुप में पाकिस्तानी एजेंटों की गुप्त घुसपैठ का पता लगाया है। इस खुलासे के बाद संबंधित अधिकारियों को संभावित टारगेटेड साइबर जासूसी के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने सोमवार को इसकी पुष्टि की।
व्यापक जांच और सुरक्षा उपायों के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित व्हाट्सऐप ग्रुप और अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की व्यापक जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी प्लेटफॉर्म को सुरक्षित बनाने और उनमें मौजूद अज्ञात सदस्यों की पहचान कर उन्हें हटाने के लिए कहा गया है।
सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जारी सामान्य परामर्श में रक्षा बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य संगठनों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी आधिकारिक या गोपनीय दस्तावेज, सूचना या डेटा को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा न करें।
13-14 निजी व्हाट्सऐप ग्रुप बने निशाना
अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान स्थित कुछ खुफिया एजेंटों ने रक्षा, अर्द्धसैनिक बलों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे करीब 13 से 14 निजी व्हाट्सऐप ग्रुप में सेंध लगा ली थी। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे संवेदनशील जिम्मेदारियां निभा रहे अधिकारियों को निशाना बनाकर चलाया गया लक्षित साइबर जासूसी अभियान माना है।
भारतीय नंबरों की नकल कर बनाई पहचान
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि पाकिस्तानी एजेंटों ने भारतीय मोबाइल नंबरों की नकल कर या उनमें छेड़छाड़ करके इन ग्रुपों में प्रवेश हासिल किया। अधिकारियों के मुताबिक, ये नंबर लंबे समय तक ग्रुप में निष्क्रिय सदस्य के रूप में बने रहे, जिससे किसी को उन पर संदेह नहीं हुआ। इसी दौरान वे ग्रुप में साझा की जा रही बातचीत और दस्तावेजों पर नजर रखते रहे।
घटना के बाद सभी रक्षा और सुरक्षा संगठनों को अपने सोशल मीडिया समूहों की दोबारा जांच करने, संदिग्ध या अज्ञात सदस्यों को हटाने और साइबर सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
साइबर सुरक्षा दिशा-निर्देश फिर दोहराए गए
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद साइबर सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों को फिर से लागू करने और उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को दोबारा आगाह किया गया है कि किसी भी आधिकारिक या संवेदनशील जानकारी को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा नहीं किया जाए।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि हाल ही में एक अन्य मामले में एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंट का पता चला था, जो रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों के एक व्हाट्सऐप ग्रुप में खुद को “सोनिया” नाम से डीआरडीओ की वैज्ञानिक बताकर शामिल हुई थी। एजेंसियों को संदेह है कि उस ग्रुप में कुछ संवेदनशील जानकारियां पैसे के बदले साझा की गई थीं।
