यूपी में तबादलों की बड़ी तैयारी: 31 मई तक पूरा होगा ट्रांसफर अभियान, योगी कैबिनेट से जल्द मंजूरी संभव

cm_yogi_1769680152411_1769680158041_1777529550666

उत्तर प्रदेश में राज्य कर्मचारियों के तबादलों को लेकर सरकार ने इस बार समयसीमा तय कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, तबादला नीति का मसौदा तैयार हो चुका है और इसे जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। मंजूरी मिलते ही प्रदेश में तबादलों की प्रक्रिया शुरू होकर 31 मई तक पूरी कर ली जाएगी।

चुनाव से पहले योजनाओं को रफ्तार देने की रणनीति

अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को देखते हुए सरकार इस साल विकास योजनाओं को तेज गति से लागू करना चाहती है। करीब 9.12 लाख करोड़ रुपये के बजट को जमीन पर उतारने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तेजी लाने की योजना है। यही वजह है कि तबादला सत्र को मई तक सीमित रखने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि विभागों की कार्ययोजनाओं को स्वीकृति और बजट आवंटन के बाद बिना बाधा काम शुरू हो सके।

15 मई तक कार्ययोजना, इसके बाद तबादलों को अंजाम

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभागों को अपनी कार्ययोजनाएं 15 मई तक अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद तबादलों की प्रक्रिया तेज की जाएगी। सरकार का मानना है कि एक बार योजनाओं पर काम शुरू हो जाए तो बीच में तबादलों से काम प्रभावित न हो, इसलिए पहले ही यह प्रक्रिया पूरी कर लेना बेहतर होगा। पिछले वर्षों में तबादला सत्र जून तक चलता रहा है, लेकिन इस बार इसे पहले निपटाने की तैयारी है।

पुरानी नीति के आधार पर ही होंगे तबादले

तैयार किए गए मसौदे में पिछली नीति के प्रावधानों को ही लगभग बरकरार रखा गया है। इसके तहत किसी जिले में अधिकतम तीन साल और मंडल में सात साल का कार्यकाल तय किया गया है। समूह ‘क’ और ‘ख’ के करीब 20 प्रतिशत कर्मचारियों और समूह ‘ग’ व ‘घ’ के 10 प्रतिशत कर्मचारियों के तबादले प्रस्तावित हैं। गंभीर बीमारियों से ग्रस्त कर्मचारियों को प्राथमिकता देने और पति-पत्नी दोनों के सरकारी सेवा में होने पर एक ही स्थान पर तैनाती देने जैसे प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।

जनगणना के बीच तबादलों की चुनौती

हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया के बीच जनगणना कार्य एक बड़ी चुनौती बन सकता है। 7 मई से स्वजनगणना की प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर भवनों की गणना करेंगे। ऐसे में तबादलों की समयसीमा और जनगणना कार्य एक-दूसरे से टकरा सकते हैं। इस दौरान जनगणना में लगे कर्मचारियों के तबादले होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

 

एक नज़र