250 करोड़ क्लब में शामिल हुई ‘बॉर्डर 2’, शूटिंग के दौरान आईं बड़ी चुनौतियां; डायरेक्टर ने खोले पर्दे के पीछे के राज

697f6cc35678d-border-2-010949920-16x9

सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन किया है। 28 साल बाद जेपी दत्ता की क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल उसी जज्बे और देशभक्ति के जोश के साथ दर्शकों के दिलों में जगह बना रहा है। थिएटर्स में फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और दर्शक सनी देओल को एक बार फिर दमदार एक्शन अवतार में देख भावुक हो रहे हैं। महज 9 दिनों में फिल्म 250 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है और अब इसकी नजर 300 करोड़ क्लब पर टिकी है।

असल लोकेशन्स पर हुई शूटिंग, VFX का सीमित इस्तेमाल
‘बॉर्डर 2’ एक वॉर-बेस्ड फिल्म है, जिसकी शूटिंग ज्यादातर असल लोकेशन्स पर की गई है। फिल्म में टैंक, सेना और युद्ध से जुड़े ज्यादातर सीन बिना वीएफएक्स के फिल्माए गए हैं। केवल पानी और आसमान में होने वाली लड़ाइयों को ग्रीन स्क्रीन की मदद से शूट किया गया। मेकर्स ने देहरादून और झांसी जैसी जगहों पर बड़े पैमाने पर शूटिंग की, जिससे फिल्म को रियल और दमदार लुक मिला।

एक्शन सीन्स बने सबसे बड़ी चुनौती
फिल्म के डायरेक्टर अनुराग सिंह ने हाल ही में ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग के दौरान आई चुनौतियों पर खुलकर बात की। बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में उन्होंने बताया कि स्क्रीन पर जितनी भव्य और सहज शूटिंग नजर आती है, असल में वह उतनी आसान नहीं होती। उनके मुताबिक सबसे मुश्किल हिस्सा बड़े स्केल के एक्शन सीन थे, जहां छोटी सी यूनिट अचानक 400 से 500 लोगों की टीम में बदल जाती थी।

ठंड, गर्मी और लंबे एक्शन शेड्यूल
डायरेक्टर ने बताया कि असली लोकेशन्स पर शूटिंग के कारण मौसम भी बड़ी चुनौती बनकर सामने आया। कभी कड़ाके की ठंड, तो कभी झुलसा देने वाली गर्मी में सुबह से शाम तक एक्शन सीन्स फिल्माए गए। बड़े स्केल की वजह से ग्रीन स्क्रीन की जगह रियल लोकेशन्स पर शूट करना जरूरी था, जिससे पूरी टीम को कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ा।

जंग के सीन शूट करना बेहद मुश्किल
अनुराग सिंह ने बताया कि एक्शन सीन्स में हर छोटी-बड़ी चीज का तालमेल जरूरी होता है। एक भी स्टेप गलत होने पर पूरा सीन बिगड़ सकता है। ब्लास्ट, बारूद, आग की लपटें, एक्टर्स की पोजिशन और सैकड़ों लोगों की मूवमेंट—सब कुछ घड़ी की तरह सटीक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दो लोगों की लड़ाई नहीं होती, बल्कि एक साथ 500 लोग भाग रहे होते हैं, गोलियां चल रही होती हैं और हर फ्रेम में अराजकता के बीच कंट्रोल बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती थी।

स्टारकास्ट और बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई
‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल के साथ दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म की दमदार कहानी, देशभक्ति का जज्बा और रियलिस्टिक एक्शन दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। 9 दिनों में 250 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी यह फिल्म जल्द ही 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है।

 

एक नज़र