असम में हिमंता सरकार का कैबिनेट विस्तार, 12 मंत्रियों का शपथ ग्रहण आज; 4 नए चेहरों को मिला मौका
गुवाहाटी: असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की सरकार का कैबिनेट विस्तार किया जा रहा है। इस विस्तार में कुल 12 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी, जिनमें चार नए चेहरों को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
12 मंत्री लेंगे शपथ, नए चेहरों को मिली जगह
जानकारी के अनुसार, असम मंत्रिपरिषद के विस्तार में भाजपा और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। नए चेहरों में भाजपा के अश्विनी रे सरकार, नीलिमा देवी और सुशांत बोरगोहेन के नाम शामिल हैं। इसके अलावा असम गण परिषद (AGP) के केशव महंत को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।
पूर्व स्पीकर समेत कई वरिष्ठ नेताओं को भी मौका
कैबिनेट विस्तार में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पहले से मंत्रिपरिषद में शामिल कई वरिष्ठ नेताओं को भी दोबारा शामिल किया गया है, जिनमें अशोक सिंघल, बिमल बोरा, जयंत मल्ला बरुआ, कौशिक राय, कृष्णेंदु पॉल, पीयूष हजारिका और डॉ. रनोज पेगू जैसे नाम शामिल हैं।
सीएम हिमंता ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि सभी 12 मंत्री 5 जून 2026 को दोपहर 12:45 बजे शपथ लेंगे। उन्होंने इसे सरकार के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
लगातार तीसरी बार सत्ता में एनडीए
गौरतलब है कि असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 126 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिसमें भाजपा को 82 सीटें मिलीं। वहीं सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ को 10-10 सीटों पर सफलता मिली।
भाजपा को पहली बार पूर्ण बहुमत
इस चुनाव में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया है। इससे पहले 2016 और 2021 के चुनावों में पार्टी को 60-60 सीटें मिली थीं। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी जालुकबारी सीट से बड़ी जीत दर्ज की है।
