दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठिठुरन! 10 डिग्री तक गिर सकता है तापमान, सुबह-शाम कोहरे का अलर्ट; एक्सप्रेसवे पर संभलकर चलें

04r034_weather_625x300_24_Novemb

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम तेजी से बदल रहा है और ठंड का असर अब साफ महसूस होने लगा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में गिरते तापमान के कारण राजधानी समेत आसपास के इलाकों में सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी ठंड का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 24 से 29 नवंबर तक हल्के कोहरे की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है।

छह दिनों तक कोहरे की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

24 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 25 और 26 नवंबर को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

27 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास बना रहेगा। 28 और 29 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

सुबह एक्सप्रेसवे पर बढ़ेगा कोहरे का असर

लगातार बढ़ती ठंड और सुबह के समय कोहरे की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे समेत प्रमुख मार्गों पर सुबह के वक्त दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

ऐसे में वाहन चालकों को तेज रफ्तार से बचने, पर्याप्त दूरी बनाकर चलने और कोहरे के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत होगी।

हवाओं से प्रदूषण में मिली कुछ राहत

दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक में कुछ सुधार देखने को मिला है। पिछले दिनों बढ़ते प्रदूषण से परेशान लोगों को हवा की गति बढ़ने से थोड़ी राहत मिली है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नवंबर के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज और बदलेगा। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य रह सकता है, लेकिन सुबह और रात में तापमान गिरने से ठंड का असर और तेज महसूस होगा।

 

एक नज़र