यूपी में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा शहर; 21 नवंबर के बाद सिंगल डिजिट में पहुंचेगा रात का पारा

099_1736446686693_1795048275003

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और शाम चल रही उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। बुधवार को मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ में भी रात का पारा गिरकर 10.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल तापमान में और गिरावट हो सकती है। 21 नवंबर के बाद पश्चिमी यूपी के ज्यादातर इलाकों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे जाने के आसार हैं।

मुजफ्फरनगर में सबसे कम तापमान, मेरठ छठे स्थान पर

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही यह प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। मेरठ में न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ और वह प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों में छठे स्थान पर रहा। मेरठ का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम के इस बदलाव के बीच मेरठ में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 203 दर्ज हुआ। यानी ठंड के साथ प्रदूषण भी चिंता का विषय बना हुआ है।

बंगाल की खाड़ी में बने तूफान से बदल सकता है हवाओं का रुख

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने तूफान के असर से मैदानी इलाकों में हवाओं का रुख बदल सकता है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की जगह पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। ऐसा होने पर रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने की आशंका जताई गई है।

सुबह-शाम ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन

पश्चिमी यूपी के कई इलाकों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम होते ही ठंड का असर फिर बढ़ गया।

सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को हल्की ठिठुरन महसूस हुई। शाम ढलने के साथ बाजारों और सड़कों पर गर्म कपड़ों में लोग नजर आने लगे। चाय की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ गई। बच्चों और बुजुर्गों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लिया।

धूप में भी कम हो रही गर्माहट, आगे और बढ़ेगी सर्दी

दिन में निकलने वाली धूप अब पहले जैसी गर्माहट नहीं दे रही है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के साथ सुबह और रात की ठंड ज्यादा महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ सकती है। खासकर 21 नवंबर के बाद पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में रात का पारा सिंगल डिजिट में पहुंचने की संभावना है।

बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह

तापमान में उतार-चढ़ाव का असर सेहत पर भी पड़ सकता है। फिजिशियन डॉ. अमित के मुताबिक, मौसम बदलने के दौरान सर्दी, खांसी, जुकाम और गले में खराश जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

ठंड से बचने के लिए सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनने, अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और खानपान का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

 

एक नज़र