गणतंत्र दिवस 2026 पर कर्तव्य पथ पर पहली बार झलकेंगे भारतीय सिनेमा के रंग, संजय लीला भंसाली पेश करेंगे खास झांकी

BOLLYWOOD-4

मुंबई: इस साल 26 जनवरी, सोमवार को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान भारतीय सिनेमा का ऐतिहासिक पल देखने को मिलेगा। पहली बार किसी फिल्म निर्देशक को राष्ट्रीय परेड में फिल्म उद्योग का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। संजय लीला भंसाली इस बार एक विशेष झांकी पेश करेंगे, जो भारतीय सिनेमा की समृद्ध विरासत और इसके गौरवशाली सफर को पूरी दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगी।

संपर्क में हैं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस झांकी के लिए संजय लीला भंसाली के साथ सहयोग किया है। यह पहला मौका है जब राष्ट्रीय स्तर के इतने बड़े मंच पर भारतीय सिनेमा का कोई बड़ा चेहरा इस रूप में नजर आएगा। भंसाली को भारतीय सिनेमा का सच्चा ध्वजवाहक माना जाता है और इस सम्मान ने पूरे फिल्म उद्योग में गर्व का माहौल बना दिया है।

संजय लीला भंसाली का फिल्म करियर और उपलब्धियां
संजय लीला भंसाली केवल एक उत्कृष्ट निर्देशक ही नहीं हैं, बल्कि निर्माता, लेखक, संपादक और संगीतकार भी हैं। उन्होंने अब तक सात नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स जीते हैं और 2015 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1996 में फिल्म ‘खामोशी: द म्यूजिकल’ से की और 1999 में आई ‘हम दिल दे चुके सनम’ से उन्हें असली पहचान मिली।

भव्य फिल्में और अंतरराष्ट्रीय ख्याति
‘देवदास’ ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाई। फिल्म ‘ब्लैक’ के लिए उन्हें नेशनल अवार्ड मिला। उनके करियर में ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’, ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जैसी भव्य फिल्में शामिल हैं। हाल ही में उनकी वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ ने ओटीटी पर भी दर्शकों का ध्यान खींचा।

नवीन प्रोडक्शन और अपकमिंग फिल्में
संजय लीला भंसाली इन दिनों सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘दो दीवाने शहर में’ को को-प्रोड्यूस कर रहे हैं, जो 20 फरवरी 2026 को रिलीज होगी। इसके अलावा उनकी अपकमिंग फिल्म ‘लव एंड वॉर’ है, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल नजर आएंगे।

झांकी से फिल्म इंडस्ट्री को मिलेगा ट्रिब्यूट
26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर प्रस्तुत होने वाली यह झांकी न केवल संजय लीला भंसाली की कला का सम्मान होगी, बल्कि यह भारतीय सिनेमा के करोड़ों दर्शकों और कलाकारों को भी ट्रिब्यूट होगी, जिन्होंने इसे दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री बनाने में योगदान दिया।

 

एक नज़र