नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ की साजिश नाकाम, चेकिंग से भाग रहे 5 संदिग्धों को SSB ने दबोचा

2026_1image_10_32_087124004ssb-ll

पटना: भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने सतर्कता दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 45वीं वाहिनी एसएसबी ने कुनौली सीमा चौकी पर ड्यूटी के दौरान नेपाल के रास्ते भारत में अवैध प्रवेश की कोशिश कर रहे पांच संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बांग्लादेशी महिला भी शामिल है। चेकिंग से बचने की कोशिश करते हुए पकड़े गए इन लोगों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

चेक पोस्ट पर तैनात जवानों की सतर्कता से खुली पोल
ड्यूटी पर तैनात पोस्ट कमांडर सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) संजय कुमार ने चेक पोस्ट के आसपास कुछ लोगों को संदिग्ध हालत में घूमते और जांच से बचते हुए देखा। शक होने पर सभी को तुरंत चेक पोस्ट पर बुलाया गया और पहचान से जुड़े दस्तावेज दिखाने को कहा गया।

नेपाल से भारत में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे सभी
पूछताछ और जांच के बाद जिन पांच लोगों को रोका गया, उनमें एती अख्तर (28 वर्ष), निवासी गाजीपुर, बांग्लादेश; मो. शाकिब (25 वर्ष), निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश; प्रमोद प्रसाद (24 वर्ष), निवासी सप्तरी, नेपाल; मो. बिलाल (25 वर्ष), निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश और रमेश कुमार (17 वर्ष), निवासी सप्तरी, नेपाल शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि सभी लोग नेपाल से भारत की ओर प्रवेश कर रहे थे।

बांग्लादेशी महिला के पास नहीं था भारत आने का वैध वीजा
पूछताछ के दौरान मो. शाकिब ने बताया कि उसने करीब तीन वर्ष पहले जॉर्डन में एती अख्तर से विवाह किया था, हालांकि विवाह से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके अलावा, एती अख्तर के पास भारत आने के लिए कोई वैध वीजा भी नहीं था, जिसके चलते वे नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।

थाना कुनौली को सौंपी गई कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार सहित अन्य चार जवान शामिल रहे। सभी संदिग्धों के खिलाफ आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना कुनौली को सुपुर्द कर दिया गया है।

 

एक नज़र