यूपी में जमीन के नीचे ड्रमों में मिले करोड़ों रुपये, 60 करोड़ से ज्यादा की रकम होने की चर्चा; मकान घेरकर नोटों की गिनती जारी

prayagraj_1793233924070_XXGl_179
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मकान के अंदर जमीन खोदने पर ड्रमों में भरी नोटों की गड्डियां मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मकान को चारों तरफ से घेरकर कार्रवाई की और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बुधवार शाम से बरामद नोटों की गिनती जारी है। देर रात तक करीब चार करोड़ रुपये की गिनती हो चुकी थी, जबकि सूत्रों के हवाले से कुल रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक होने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिनती पूरी होने के बाद ही बरामद रकम की सही जानकारी सामने आएगी।

पुणे की फर्म से रुपये लाने की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, बरईपुर रामनगर का रहने वाला एक व्यक्ति कुछ साल पहले पुणे में एक फर्म में काम करता था। बताया जा रहा है कि नोटबंदी के दौरान वह बोरियों में भरे रुपये लेकर वहां से चला आया था। गांव लौटने के बाद उसने कई बीघा जमीन खरीदी और कथित तौर पर रुपये ड्रमों में भरकर अपने मकान के अंदर जमीन में दबा दिए।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पड़ोसी पट्टीदार के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान जमीन के नीचे रुपये छिपाकर रखने की बात पुलिस तक पहुंच गई। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

मकान की घेराबंदी कर शुरू कराई खुदाई

बुधवार रात पुलिस ने संबंधित मकान को चारों तरफ से घेर लिया। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की गई और उसकी निशानदेही पर जमीन की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान एक के बाद एक कई ड्रमों में नोटों की गड्डियां मिलने लगीं। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

नोटों की गिनती के लिए संबंधित विभाग की टीम को भी बुलाया गया। देर रात तक करीब चार करोड़ रुपये से अधिक की रकम गिनी जा चुकी थी। पुलिस बरामद नकदी की गिनती कराने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि रुपये कहां से आए और उन्हें जमीन के नीचे क्यों छिपाकर रखा गया था।

डीसीपी ने क्या बताया?

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के मुताबिक, बरईपुर रामनगर में एक व्यक्ति के मकान से करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही कुल रकम की पुष्टि हो सकेगी।

नोटों की खबर फैलते ही मौके पर जुटी भीड़

शुरुआत में मकान को पुलिस के घेरे में देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। बाद में जमीन के नीचे नोटों का जखीरा मिलने की जानकारी फैली तो इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। कुछ ही देर में नकदी मिलने की खबर आसपास के क्षेत्रों में भी फैल गई। फिलहाल पुलिस की जांच और नोटों की गिनती जारी है।

 

एक नज़र